सहायक व समग्र शिक्षक फेडरेशन का मिला समर्थन

भास्कर न्यूज | दुर्गूकोंदल विभिन्न लंबित मांगों को लेकर शासकीय अधिकारी–कर्मचारी फेडरेशन द्वारा 29 से 31 दिसंबर 2025 तक प्रस्तावित आंदोलन व हड़ताल के संबंध में सहायक शिक्षक, समग्र शिक्षक फेडरेशन ने अपनी स्थिति स्पष्ट की है। फेडरेशन ने आंदोलन को सिर्फ नैतिक समर्थन देने की घोषणा की है। प्रत्यक्ष रूप से आंदोलन अथवा हड़ताल में शामिल नहीं होने का फैसला लिया है। जिलाध्यक्ष निर्भय कोवाची ने बताया सहायक शिक्षक, समग्र शिक्षक फेडरेशन शासकीय अधिकारी–कर्मचारियों की जायज मांगों के प्रति पूरी संवेदना रखता है और उनके संघर्ष को नैतिक समर्थन देता है। उन्होंने कहा शिक्षकों को भी कई समस्याओं और मांगों का सामना करना पड़ रहा है, जिन्हें लेकर समय-समय पर शासन का ध्यान आकृष्ट कराया जाता रहा है। फेडरेशन ने यह फैसला छात्रहित को सर्वोपरि रखते हुए लिया है। जिलाध्यक्ष ने बताया वर्तमान समय में विद्यालयों में आगामी परीक्षाएं प्रस्तावित हैं। ऐसे में यदि शिक्षक हड़ताल में शामिल होते हैं, तो इसका सीधा प्रभाव विद्यार्थियों की पढ़ाई, मूल्यांकन एवं परीक्षा व्यवस्था पर पड़ेगा। इसे ध्यान में रखते हुए सहायक शिक्षक,समग्र शिक्षक फेडरेशन जिला इकाई कांकेर ने आंदोलन में भाग न लेने का फैसला लिया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *