सहारनपुर पुलिस का अवैध खनन पर शिकंजा:पांच ओवरलोड डंपर सीज, अवैध रेत-कोरसेन्ट परिवहन पर कार्रवाई

सहारनपुर में अवैध खनन और खनन सामग्री के गैरकानूनी परिवहन के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। सोमवार शाम थाना सरसावा पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने चेकिंग के दौरान बिना वैध प्रपत्रों के ओवरलोड रेत और कोरसेन्ट से भरे पांच डंपरों को सीज किया है। यह कार्रवाई डीआईजी, एसएसपी आशीष तिवारी के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान का हिस्सा है। एसपी देहात सागर जैन के अनुसार, जनपद में अपराध नियंत्रण, यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने और अवैध खनन पर प्रभावी रोक लगाने के उद्देश्य से सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थाना सरसावा पुलिस और राजस्व विभाग की टीम ने चौकी शांहजहापुर क्षेत्र में संयुक्त चेकिंग अभियान चलाया। चेकिंग के दौरान पांच डंपर ओवरलोड रेत और कोरसेन्ट का परिवहन करते पकड़े गए। जब इन वाहनों के चालकों से परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे गए, तो वे कोई भी प्रपत्र प्रस्तुत नहीं कर सके। नियमानुसार, सभी पांचों डंपरों को मौके पर ही सीज कर दिया गया। पुलिस ने बताया कि सीज किए गए डंपरों में हरियाणा, उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के पंजीकरण नंबर शामिल हैं। इस कार्रवाई को लेकर पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि अवैध खनन न केवल राजस्व को नुकसान पहुंचाता है, बल्कि पर्यावरण के लिए भी गंभीर खतरा है। ओवरलोडिंग से सड़कों को नुकसान होने के साथ-साथ दुर्घटनाओं की आशंका भी बढ़ जाती है। ऐसे मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। संयुक्त टीम में सीओ नकुड़ रुचि गुप्ता, थाना सरसावा के थानाध्यक्ष प्रवेश कुमार अपनी पुलिस टीम के साथ तथा राजस्व विभाग की टीम शामिल रही। पुलिस प्रशासन ने चेतावनी दी है कि जनपद भर में इसी तरह के अभियान जारी रहेंगे और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन का उद्देश्य अवैध खनन पर पूरी तरह अंकुश लगाना, पर्यावरण संरक्षण सुनिश्चित करना और कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखना है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *