सांची थाना पुलिस ने वाहन चोरी करने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने इस कार्रवाई में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब 5 लाख रुपये मूल्य की 10 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक आशुतोष गुप्ता के निर्देश पर की गई। बाइक चोरी की रिपोर्ट से खुला मामला पुलिस के अनुसार, इस मामले का खुलासा 1 जनवरी को हुआ, जब विदिशा निवासी विनय शंकर मिश्रा ने मेहगांव मंदिर से अपनी मोटरसाइकिल चोरी होने की रिपोर्ट सांची थाने में दर्ज कराई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए सांची थाना प्रभारी जयप्रकाश त्रिपाठी ने एक विशेष टीम गठित की। टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले और मुखबिरों से भी जानकारी जुटाई। जांच के दौरान पुलिस को संदिग्ध अवध नारायण शर्मा पर शक हुआ, जिसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान आरोपी ने सांची, विदिशा और भोपाल क्षेत्रों से वाहन चोरी करना स्वीकार किया। चोरी की बाइक खरीदने वाला कबाड़ी भी गिरफ्तार आरोपी अवध नारायण शर्मा की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी की मोटरसाइकिलें खरीदने वाले कबाड़ी समीर मंसूरी को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से कुल 10 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की हैं, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग 5 लाख रुपए बताई जा रही है। दोनों आरोपी विदिशा जिले के निवासी पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपी विदिशा जिले के निवासी हैं और लंबे समय से वाहन चोरी की वारदातों में संलिप्त थे। फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि गिरोह में और कौन-कौन शामिल है। पुलिस अन्य चोरी की घटनाओं से भी इन आरोपियों का लिंक खंगाल रही है।


