सांप के डसने से 2 साल के बच्चे की मौत:मां-पिता के साथ सोया था, घर में घुसकर काटा; CHC से लेकर सदर हॉस्पिटल तक गए परिजन

कोडरमा में सांप के डसने से गुरुवार की देर रात दो साल के बच्चे की मौत हो गई। बच्चे के इलाज के लिए परिजन चार अस्पतालों में गए पर उसकी जान नहीं बच सकी। बच्चा अपने माता-पिता के साथ घर में सो रहा था। इसी दौरान एक जहरीला सांप कमरे में घुस गया और उसने बच्चे को काट लिया। बच्चे की हालत बिगड़ने पर परिजन उसे सतगांवां के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। मिथुन के पड़ोसी सुरेंद्र पांडेय ने बताया कि स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टर ने एंटी वेनम इंजेक्शन लगाने के लिए बच्चे की नस ढूंढने की कोशिश की। काफी प्रयास के बाद भी नस नहीं मिल पाई। डॉक्टर ने एंटी वेनम इंजेक्शन परिजनों को देकर किसी अन्य अस्पताल में लगवाने की सलाह दी। निजी अस्पताल में लगवाया एंटी वेनम इंजेक्शन परिजन बच्चे को सतगावां के एक निजी अस्पताल ले गए। वहां एंटी वेनम इंजेक्शन लगाया गया। निजी अस्पताल के डॉक्टर ने बच्चे को तुरंत सदर अस्पताल कोडरमा ले जाने को कहा। सदर अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टर ने बच्चे को मृत घोषित कर दिया। माता-पिता की इकलौती संतान था मानविक मृतक बच्चे की पहचान मिथुन कुमार के पुत्र मानविक कुमार के रूप में हुई है। मानविक अपने माता-पिता की इकलौती संतान था। इधर, सदर अस्पताल से मानविक की मौत की पुष्टि होने के बाद भी उसके माता-पिता बच्चे के जीवित रहने की उम्मीद में खिजरी (गिरिडीह) पहुंचे। यहां सर्पदंश के इलाज के विशेषज्ञ होने की जानकारी मिथुन को मिली थी। पर वहां भी उन्हें निराशा हाथ लगी। बच्चे को लेकर देवघर एम्स पहुंचे परिजन वहां मौजूद लोगों ने बताया कि इस जगह पर सर्पदंश के शिकार सिर्फ बड़े लोगों का इलाज होता है। बच्चे का इलाज यहां नहीं किया जाता है। इसके बाद मिथुन बच्चे को लेकर आखिरी उम्मीद में देवघर एम्स पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिजन बच्चे के शव को लेकर वापस अपने गांव नासरगंज, सतगावां आ गए। बताते चलें कि कोडरमा में बीते एक सप्ताह में यह सर्पदंश से मासूम के मौत की दूसरी घटना है। बीते मंगलवार को ही जिले के मरकच्चो प्रखंड के बरियारडीह गांव में झोपड़ी में सो रहे एक बिरहोर बच्चे की सर्पदंश से मौत हो गई थी। मिथुन कुमार जब अपने बच्चे को लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे तो हमने तुरंत एंटी वेनम इंजेक्शन निकाल कर उसे लगाने की तैयारी की। बच्चे की उम्र कम होने के कारण उसका नस ढूंढ पाना मुश्किल हो रहा था। इसलिए हमने तीन एंटी वेनम इंजेक्शन का डिब्बा मिथुन कुमार को दिया साथ ही सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के दो कर्मियों को उनके साथ भेजते हुए बच्चे को किसी निजी क्लिनिक में इंजेक्शन लगवाने की सलाह दी। वहीं, उन्हें सदर अस्पताल कोडरमा जाने के लिए कहा। -डॉ. रामाशीष चौधरी, सतगावां स्वास्थ्य केंद्र —————————————- गढ़वा में ममेरे भाई-बहन की सांप के डसने से मौत:जमीन पर सोए थे दोनों बच्चे, एक दिन पहले भी घर में आया था सांप गढ़वा में गुरुवार की रात जहरीले सांप के डसने दो बच्चों की मौत हो गई। घटना धुरकी थाना क्षेत्र के गनीयारी कला उर्फ फाटपानी कोरहटी टोला की है। दोनों बच्चे आपस में ममेरे भाई-बहन थे। घटना के वक्त घर में कोई भी बड़ा व्यक्ति नहीं था। मृतकों में नरेश भुईयां के पुत्र कृष्ण कुमार (8) और अखिलेश भुईयां की बेटी बीनू कुमारी (10) शामिल हैं। बुधवार को भी घर में दिन में एक सांप निकला था, जिसे परिजनों ने मार डाला था। पढ़िए पूरी खबर…

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *