सांवलियाजी मंदिर में मध्य प्रदेश से आए भक्त को पीटा:फोटो-वीडियो बनाने पर हुआ विवाद; 6 महीने पहले भी श्रद्धालुओं पर बरसाई थी लाठियां

चित्तौड़गढ़ के मंडफिया में सांवलिया सेठ मंदिर में एक बार फिर श्रद्धालु से मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि श्रद्धालु को प्राइवेट सिक्योरिटी कंपनी (टाइगर फोर्स) के गार्ड ने इतनी बुरी तरीके से पीटा कि उसकी नाक से खून बहने लगा। बताया जा रहा है कि रविवार रात को मध्य प्रदेश के नीमच जिले के कुकड़ेश्वर निवासी प्रियांशु मालवीय मंदिर कॉरिडोर फोटो-​वीडियो ले रहे थे। इसी दौरान सिक्योरिटी गार्ड से बहस हो गई और बात मारपीट तक पहुंच गई। ये पहली बार नहीं है, जब टाइगर फोर्स कंपनी के सिक्योरिटी गार्ड ने श्रद्धालु के साथ मारपीट की है। इससे पहले 25 जून (अमावस्या के दिन) को भी इस कंपनी के गार्डों ने श्रद्धालुओं पर लाठियां बरसाई थी। फोटो लेने पर भड़के गार्ड ने गाली-गलौज की
प्रियांशु मालवीय ने बताया- मैं कॉरिडोर में लगी जाली से हाथ बाहर निकालकर मंदिर परिसर की फोटो लेने की कोशिश कर रहा था। इसी दौरान टाइगर फोर्स सिक्योरिटी कंपनी का एक गार्ड अचानक भड़क गया और गाली-गलौज करने लगा। इस पर मैंने गार्ड से शांति से बात करने के लिए कहा तो उसने धमकाना शुरू कर दिया। वहां मौजूद श्रद्धालुओं का कहना है कि फोटो लेना कोई अपराध नहीं था, फिर भी गार्ड ने बिना किसी कारण ऐसा व्यवहार किया। बात उस समय बिगड़ गई जब प्रियांशु ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो बनाने लगे। इस पर सिक्योरिटी गार्ड ने अपने दूसरे साथियों को भी बुला लिया। आरोप है कि सिक्योरिटी गार्ड प्रियांशु को सीसीटीवी कैमरों से दूर ले गया और वहां उसकी बेरहमी से पिटाई की। उसे ​इतनी बुरी तरह से पीटा कि नाक और पैर से खून बहने लगा। वह मना करता रहा, लेकिन इसके बाद भी पिटाई की। खून साफ कराया, वीडियो डिलीट करवाकर समझौते का दबाव बनाया
प्रियांशु ने आरोप लगाया कि मारपीट के दौरान जब मेरी नाक से खून फर्श पर फैल गया, तो सुरक्षा गार्डों ने मेरे रूमाल से खून साफ करवाया। मेरे मोबाइल में मौजूद फोटो और वीडियो जबरन डिलीट कराए गए। इसके बाद एम्बुलेंस बुलाकर इलाज के लिए भेज दिया गया। पीड़ित ने आरोप लगाया- इस दौरान मंदिर ऑफिस के बाहर काफी देर तक हंगामा होता रहा, लेकिन किसी भी जिम्मेदार अधिकारी ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभालने की कोशिश नहीं की। बाद में मंदिर ऑफिस में बैठाकर समझौते का दबाव भी बनाया गया। आरोप- पुलिस ने शिकायत लेने से मना कर दिया
घटना की सूचना मिलने पर मंडफिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामला शांत कराया। श्रद्धालु ने आरोप लगाया कि मैंने पुलिस को लिखित शिकायत दी, लेकिन पुलिस ने शिकायत लेने से मना कर दिया। मंडफिया थानाधिकारी गोकुल डांगी ने बताया- पुलिस जब जांच के लिए पहुंची तो सिक्योरिटी गार्ड नहीं था। उसका नाम भी सामने नहीं आया है। मंदिर मंडल ने दोनों पक्षों के बीच समझौता करवा दिया। दोनों पक्षों की ही गलती थी। सांवलिया मंदिर में श्रद्धालुओं से मारपीट की ये खबर भी पढ़ें… श्रीसांवलिया मंदिर में श्रद्धालुओं पर लाठियां बरसाईं, VIDEO:श्रद्धालु को आई चोट, प्रशासन ने की जांच शुरू, दोषी सुरक्षा कर्मियों पर होगी कार्रवाई मेवाड़ के कृष्णधाम श्री सांवलिया सेठ मंदिर से जुड़ा एक मामला सामने आया है, जिसमें अमावस्या के दिन श्रद्धालुओं पर लाठियां चलाने के 2 वीडियो सामने आए हैं। एक वीडियो में निजी सुरक्षा गार्ड (टाइगर फोर्स) भक्तों पर लाठियां चलाते नजर आ रहे हैं, जबकि दूसरे वीडियो में एक पुलिसकर्मी द्वारा लाठीचार्ज करने के बाद बुजुर्ग श्रद्धालु घायल हालत में सड़क पर लेटे नजर आ रहे हैं। (पढ़ें पूरी खबर) सांवलियाजी मंदिर आए श्रद्धालुओं को दुकानदारों ने लाठियों से पीटा:बैग नहीं मिलने पर हुआ विवाद; 1 महीने पहले खाटूश्यामजी में भी हुई थी मारपीट चित्तौड़गढ़ के सांवलिया सेठ मंदिर में दर्शन करने आए श्रद्धालुओं और दुकानदारों में विवाद हो गया। दुकानदार लाठियां लेकर आए और श्रद्धालुओं से मारपीट कर दी। इस दौरान श्रद्धालुओं ने भी सड़क पर पड़े पत्थर उठाए और दुकानदारों की तरफ फेंके। (पढ़ें पूरी खबर)

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *