भोपाल सांसद आलोक शर्मा की मीटिंग के बाद बुधवार को अतिक्रमण पर एक्शन हुआ। नगर निगम की टीमें 6 घंटे तक पुराने शहर में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई करती रही। इस दौरान 9 ट्रक सामान जब्त किया गया। वहीं, अमले की व्यापारियों से नोंकझोंक भी हुई। इस दौरान एसडीएम, तहसीलदार, एसीपी से लेकर निगम के अफसर भी मौजूद रहे। बुधवार सुबह से ही टीमें सोमवारा, भवानी चौक, लखेरापुरा, मन्नूलाल धर्मशाला, लखेरापुरा चूड़ी मार्केट, लालसिंह पार्क चौराहा, नदीम रोड, नालंदा होटल रोड, जमील होटल रोड, इब्राहिमपुरा, जामा मस्जिद, पीपल चौक, सराफा चौक, सुभाष चौक, मालीपुरा आदि इलाकों में कार्रवाई करने पहुंची। शाम तक यह कार्रवाई जारी रही। इस दौरान अमले ने बड़ी संख्या में दुकानों के बाहर अतिक्रमण कर रखा सामान, अतिक्रमण कर लगाई गई दुकानें, शेड, पटले, रास्तों पर रखी गई डमी, टंगन, प्लास्टिक, पन्नी व अन्य प्रकार के अतिक्रमण को हटाया। वहीं, ठेले, गुमठी, पान पार्लर, काउंटर, बोर्ड, बेंच, कुर्सी, स्टूल, टेबिल आदि सहित 9 ट्रक सामान जब्त किया। कार्रवाई की देखिए 3 तस्वीरें… ये अफसर रहे मौजूद
कार्रवाई के दौरान निगम के अपर आयुक्त वरुण अवस्थी, एसडीएम दीपक पांडे, निगम उपायुक्त हिरेंद्र सिंह कुशवाहा, तहसीलदार करूणा दंडोतिया, एसीपी कोतवाली चंद्रशेखर पांडे, एसीपी ट्रैफिक जोन-3 विजय कुमार दुबे, कोतवाली थाना प्रभारी काशीराम कुशवाह, अतिक्रमण निरोधक दस्ते के प्रभारी शैलेंद्र सिंह भदौरिया, सृष्टि भदौरिया सहित नगर निगम, जिला एवं पुलिस प्रशासन के अधिकारी मौजूद थे। सांसद ने पांच दिन पहले ली थी बैठक
सांसद शर्मा ने 5 दिन पहले 16 जनवरी को पुराने चौक बाजार से अतिक्रमण हटाने को लेकर कलेक्टोरेट में नगर निगम कमिश्नर, एडीएम, एसडीएम और संबंधित अधिकारियों की बैठक ली थी। इस दौरान व्यापारियों ने ज्ञापन भी सौंपा था। इसमें कहा गया था कि पुराने शहर के बाजारों में अतिक्रमण की वजह से बार-बार जाम लगता है। जनता चौक बाजार, सराफा बाजार में आने से कतराती है। व्यापारियों ने दुकानों के सामने शटर और नाली की जगह भी किराए पर दे दी है, जिससे रोड पर चलने की जगह ही नहीं बचती। इसी क्षेत्र में मस्जिद के सामने वाली सड़क पर अवैध वसूली की शिकायत भी सामने आई। जिसकी क्षेत्र के दोनों पार्षदों ने इसकी पुष्टि की। इन समस्याओं के चलते इन बाजारों के व्यापार-व्यवसाय भी कम हो गया। बैठक में सांसद शर्मा ने अधिकारियों से कहा था कि सोमवार से दो-तीन दिन तक लगातार अनाउंसमेंट कराकर चौक बाजार, सराफा बाजार, लखेरापुरा, इब्राहिमपुरा, आजाद मार्केट, लोहा बाजार, हनुमानगंज सहित पूरे क्षेत्र से अतिक्रमण हटाया जाना चाहिए। जिससे पुराने भोपाल शहर की इस ज्वलंत समस्या का स्थायी समाधान हो सके। इसके बाद बुधवार से पुराने शहर में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू की गई।


