नीमच में सांसद सुधीर गुप्ता ने केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा प्रस्तुत बजट 2026-27 को विकसित और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को साकार करने वाला बताया है। शनिवार को एक प्रेस वार्ता में उन्होंने कहा कि यह बजट गरीब, किसान, युवा, महिला और मध्यम वर्ग के सशक्तिकरण पर केंद्रित है। सांसद गुप्ता ने इस अवसर पर बताया कि वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने संसदीय इतिहास में लगातार नौवीं बार बजट प्रस्तुत कर एक नया रिकॉर्ड बनाया है। उन्होंने कहा कि इस बार बजट का मुख्य ध्यान ‘ज्ञान’ यानी गरीब, युवा, अन्नदाता और नारी शक्ति पर केंद्रित रहा। कैंसर की दवाएं से शुल्क हटाया बजट में मध्यम वर्ग को स्वास्थ्य सुविधाओं और कर व्यवस्था में राहत प्रदान की गई है। कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों की 17 जीवन रक्षक दवाओं पर सीमा शुल्क घटाया गया है, जिससे मरीजों को सीधा लाभ मिलेगा। इसके अलावा, विदेश यात्रा पर लगने वाले टीसीएस (TCS) को भी कम किया गया है। युवाओं के भविष्य को ध्यान में रखते हुए शिक्षा, कौशल विकास और रोजगार सृजन पर विशेष जोर दिया गया है। बजट में एमएसएमई ग्रोथ फंड, कंटेंट क्रिएटर लैब और सेवा क्षेत्र को बढ़ावा देने वाली योजनाएं शामिल हैं, जिनसे युवाओं के लिए नए अवसर सृजित होने की उम्मीद है। लखपति दीदी योजना की जानकारी दी महिलाओं को सशक्त बनाने के उद्देश्य से सरकार ने महिला छात्रावासों के निर्माण, ‘लखपति दीदी’ योजना के विस्तार और महिला उद्यमियों के लिए विशेष फंड की घोषणा की है। इन पहलों से महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने में सहायता मिलेगी। ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए तकनीक आधारित खेती, उच्च मूल्य वाली फसलों के उत्पादन, पशुपालन और मत्स्य पालन को प्राथमिकता दी गई है। इससे किसानों की आय में वृद्धि होने की संभावना है। बजट में स्वास्थ्य, सेमीकंडक्टर, रक्षा और निर्यात जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में बड़े निवेश की घोषणा की गई है। इन निवेशों से रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे और देश आत्मनिर्भरता की ओर तेजी से बढ़ेगा। इस प्रेस वार्ता में भाजपा जिला अध्यक्ष वंदना खंडेलवाल, नीमच विधायक दिलीप सिंह परिहार, मनासा विधायक माधव मारू और नगर पालिका अध्यक्ष स्वाति चोपड़ा सहित कई अन्य नेता उपस्थित थे।


