सांसद-ट्राइबल टूरिस्ट सर्किट से आदिवासी क्षेत्र में बढ़ेगा रोजगार:बजट पर उदयपुर में भाजपा ने कहा मेवाड़ में दूरगामी परिणाम मिलेंगे, कांग्रेस का निशाना सभी वर्ग को निराशा मिली

राज्य बजट को लेकर उदयपुर में भाजपा ने बजट को लेकर स्वागत किया और कहा कि इसके दूरगामी परिणाम मेवाड़ में आएंगे तो कांग्रेस ने कहा कि इस बजट में हर वर्ग को निराशा हाथ लगी है। बजट को लेकर शहर के प्रमुख लोगों की प्रतिक्रियाएं भी आई है। उदयपुर सांसद डॉ मन्नालाल रावत ने राजस्थान के बजट में आदिवासी क्षेत्र में स्थित ऐतिहासिक धार्मिक और इको टूरिज्म साइट्स के विकास को लेकर ट्राइबल टूरिस्ट सर्किट विकसित करने की घोषणा पर खुशी जताई है और कहा कि कि इससे आदिवासी क्षेत्र के विकास के साथ रोजगार के मार्ग भी प्रशस्त होंगे। सांसद रावत ने कहा कि राजस्थान सरकार का बजट सर्वस्पर्शी व सर्वव्यापी है जिसका लाभ प्रदेश के हर वर्ग को मिलेगा। बजट में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत 2047 के सपने को साकार करने की दिशा में कई घोषणा की गई है। यह पहला ग्रीन बजट है जिसके फायदे सालों तक मिलेंगे। उदयपुर शहर विधायक ताराचंद जैन ने बजट को प्रदेश के विकास का बजट बताया है। विधायक ताराचंद जैन ने बजट में अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि सरकार ने इस बजट में हर वर्ग का विशेष ध्यान रखा है, जिसमें युवाओं के लिए सवा लाख नई नौकरियों की घोषणा कर युवा वर्ग को रोजगार से जोड़ने का काम किया है। बजट में 150 यूनिट बिजली फ्री देने से आम जनता को राहत मिलेगी। उदयपुर ग्रामीण विधायक फूलसिंह मीणा ने कहा की खुशहाल राजस्थान के संकल्प की सिद्धि को समर्पित, सर्वस्पर्शी एवं सर्वसमावेशी बजट पेश किया गया है। बजट प्रदेश के चहुँमुखी विकास, जनकल्याण, बुनियादी ढांचे के सशक्तिकरण, रोजगार सृजन, शिक्षा, स्वास्थ्य और सुशासन को नई दिशा देने वाला है। कांग्रेस नेता डॉ.विवेक कटारा ने कहा कि यह बजट आम आदमी, मध्यम वर्ग और युवा बेरोजगारों के लिए निराशाजनक वाला है। महंगाई चरम पर है और आम आदमी महंगाई की मार से जूझ रहा है व जनता का कुछ भी ध्यान नहीं रखा गया है। बजट महंगाई और बेरोजग़ारी बढ़ाने वाला है। भाजपा शहर जिला अध्यक्ष गजपाल सिंह राठौड़ ने कहा 2 लाख परिवारों को पट्टे जारी करेंगे एवं 25000 हजार घुमंतू परिवारों को पट्टे दिए जाएंगे, चिकित्सा श्रेत्र में 3500 करोड़ रुपए की लागत से आयुष्मान आरोग्य मां कोष का गठन किया जाएगा,एक लाख किसानों को 25000 करोड़ का ऋण दिया जाएगा जो स्वागत योग्य है। उदयपुर शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष फतहसिंह राठौड़ ने कहा की 1 लाख युवाओं को नई नौकरियां देने की बात कहने वाली सरकार पहले यह बताएं कि पिछले बजट में भी उन्होंने एक लाख नई नौकरी देने की बात कही थी उनमें से कितनी भर्तियां निकाली गई। उदयपुर देहात जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष कचरू लाल चौधरी ने कहा कि भाजपा राजस्थान की जनता को राहत देने में नाकाम साबित हुई है। इस बजट में युवा, महिला, किसान और आमजन को ज्यादा से ज्यादा राहत देने का काम करना था लेकिन उन्होंने इस बजट में इन सभी वर्गों को निराशा किया है। राजस्थान को ठगने वाला बजट बनाया है। भाजपा देहात जिलाध्यक्ष पुष्कर तेली ने कहा कि राज्य के सभी वर्गों के सर्वांगीण एवं उत्तरोत्तर विकास को सुनिश्चित करने वाला बजट है। उदयपुर के मेवाड़ क्षेत्र के लिए भी कुछ विशेष महत्वपूर्ण घोषणाएं की गई है जिनका इस क्षेत्र के विकास में दूरगामी सकारात्मक प्रभाव होगा। भाजपा सहकारिता प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक प्रमोद सामर ने कहा कि बजट राजस्थान के सर्वांगीण विकास एवं प्रगति की दिशा में मिल का पत्थर साबित होगा। मूलभूत आवश्यकताओं की पूर्ति के लिए पेयजल, ऊर्जा, सड़क के लिए किए गए प्रावधान नगर एवं औद्योगिक विकास के साथ साथ ग्रामोत्थान में नवनिर्माण करेंगे। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव एवं प्रवक्ता पंकज कुमार शर्मा ने कहा कि सरकार ने आंकड़ों के माध्यम से युवाओं को भ्रमित करने का प्रयास किया है। समग्र रूप से, यह बजट सरकार की नीतियों, प्राथमिकताओं और कार्यान्वयन में गंभीर कमियों को दर्शाता है, जो जनता के हितों की अनदेखी करता प्रतीत होता है। उदयपुर देहात जिला कांग्रेस प्रवक्ता डॉ संजीव राजपुरोहित ने कहा कि पूर्ववर्ती अशोक गहलोत के नेतृत्व वाली संवेदनशील कांग्रेस सरकार ने हर घरेलू उपभोक्ता को 100 यूनिट प्रतिमाह बिजली फ्री देने की घोषणा कर उसका क्रियान्वयन भी किया था लेकिन उसके अंदर अब 150 यूनिट प्रतिमाह देने की बात कह कर सोलर अनिवार्य करने की बात कही गई है जो की एक नया पेच डाल दिया गया है। भाजपा उदयपुर के अंबेडकर मंडल के अध्यक्ष रणजीत दिगपाल ने बजट को लेकर कहा कि इस बजट में सभी वर्गों के सर्वांगीण विकास को सुनिश्चित करने का ध्यान रखा गया है। उदयपुर में टूरिज्म को लेकर की गई घोषणाएं यहां के टूरिज्म सेक्टर को बढ़ावा देगी। ऋषभदेव में ट्राइबल टूरिस्ट सर्किट की घोषणा भी इस क्षेत्र में टूरिस्ट कनेक्टिविटी को लेकर कारगर साबित होगी। विप्र सेना जिलाध्यक्ष प्रदीप श्रीमाली ने कहा कि आज का बजट हितकारी है। इसमें युवाओं को रोजगार देने के लिए 1.25 लाख सरकारी पदों पर भर्तियां की जाएगी। सबसे बड़ी बात यह है कि बजट में मंदिरों के पुजारियों का मानदेय बढ़ाया गया है वह स्वागत योग्य है। सुरों की मंडली के संस्थापक अध्यक्ष मुकेश माधवानी ने कहा कि इस बार बजट से उदयपुर में संगीत संग्रहालय, फिल्मसिटी और बेकरी नगर की स्थापना की उम्मीद थी, लेकिन राज्य सरकार से इस मामले में निराशा हुई। अगर उदयपुर में हमारी यह मांगें मानी जाती तो मेवाड़ वासियों का सपना पूरा होता। उदयपुर में वैदिक पर्यटन केंद्र का भी निर्णय अच्छा है। भारतीय चार्टर्ड अकाउंटेंट्स संस्थान,उदयपुर शाखा के अध्यक्ष राहुल माहेश्वरी ने कहा कि राजस्थान बजट 2025 में सरकार ने हर वर्ग को ध्यान में रखते हुए ऐलान किए हैं, बजट से राज्य में रोजगार को प्रोत्साहन मिलेगा, कृषि के लिए बिजली स्कीम से किसान वर्ग को लाभ मिलेगा। पेंशन में वृद्धि और वरिष्ठ नागरिक के तीर्थ यात्रा योजना का कदम काबिले तारीफ़ है। सरकार ने बजट में पर्यावरण का भी विशेष ध्यान रखा है। रोजगार सृजन के तहत सरकार ने 1.25 लाख नई सरकारी नौकरियों की घोषणा की है और स्टार्टअप्स तथा एमएसएमई सेक्टर को प्रोत्साहन दिया है।जिससे उद्यमिता को बढ़ावा मिलेगा। भारतीय चार्टर्ड अकाउंटेंट्स संस्थान, उदयपुर शाखा के कोषाध्यक्ष सौरभ गोलछा ने कहा कि राजस्थान सरकार के 2025-26 का बजट वित्तीय अनुशासन, कर सुधार, बुनियादी ढांचे के विकास और रोजगार सृजन के संदर्भ में महत्वपूर्ण साबित होगा। सरकार ने राजकोषीय घाटे को सीमित रखते हुए पूंजीगत व्यय में वृद्धि का निर्णय लिया है, जिससे निवेश को बढ़ावा मिलेगा और आर्थिक विकास को गति मिलेगी। कराधान के मामले में सरकार ने कोई नई कर छूट या दरों में बदलाव नहीं किया है। शिक्षाविद् डॉ. प्रदीप कुमावत ने कहा कि शिक्षा और विकासोन्मुखी प्रावधानों का स्वागत है। वनवासी क्षेत्रों में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए ₹900 करोड़ की घोषणा सराहनीय है।इससे न केवल पर्यटन का विकास होगा, बल्कि स्थानीय समुदायों को भी आर्थिक लाभ मिलेगा, जिससे समावेशी विकास संभव होगा। लघु उद्योग भारती के अध्यक्ष मनोज जोशी ने कहा कि यह बजट निवेश प्रोत्साहन तथा आधारभूत ढांचे के विकास को समर्पित है। इससे राज्य के उद्यमियों के लिए सकारात्मक वातावरण निर्मित होगा। 40 लाख के टर्नओवर पर पंजीयन छूट, रिप्स 2024 की पॉलिसी में पूर्व में स्थापित उद्योगों को शामिल करने के साथ सिंगल विंडो प्रक्रिया को आसान किया, सूची बढ़ाई, सरकार के ऐसे सभी प्रावधानों का स्वागत है। भाजपा आपदा राहत विभाग राजस्थान के प्रदेश संयोजक डॉ जिनेंद्र शास्त्री ने भजनलाल सरकार का बजट हर राजस्थान के सपनों को पूरा करने वाला बजट है प्रत्येक ज़िले अस्पताल में डायबिटिक क्लीनिक खोलने का प्रावधान करना ,उदयपुर में इंस्टिट्यूट ऑफ़ माइंस की स्थापना होना प्रशंसनीय क़दम हैं। भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष इन्द्र मेनारिया कहते है कि इस बजट में विद्यार्थी, युवा, बेरोजगार, किसान, महिला, बुजुर्ग आदि सभी वर्गों को विभिन्न योजनाओं के माध्यम से कुछ न कुछ जरूर दिया है। कुल मिलाकर यह बजट विकसित भारत की तर्ज पर विकसित राजस्थान के लिए महत्वपूर्ण प्रयास है। ये खबरें भी पढ़े…. बजट में घोषणा- उदयपुर में खुलेगा इंस्टीट्यूट ऑफ माइंस:ऋषभदेव में ट्राइबल टूरिस्ट सर्किट पर होगा काम, गोगुंदा में सेंटेलाइट अस्पताल-ट्रोमा सेंटर बनेगा (पूरी खबर यहां पढ़े) नए जिले सलूंबर को सरकारी कार्यालयों के लिए बजट मिला:जिला न्यायालय, खेल स्टेडियम और साइबर पुलिस थाना खुलेगा; उप कारागृह जिला कारागृह में प्रमोट (पूरी खबर यहां पढ़े) 150 यूनिट फ्री बिजली मिलेगी, बुजुर्गों की पेंशन बढ़ी:1.25 लाख नौकरी देगी सरकार; राजस्थान के बजट पर भास्कर की खबर पर मुहर (पूरी खबर यहां पढ़े)

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *