सांसद ने पूछा-बताओ सबसे घटिया सड़क कौनसी?:अफसर जवाब नहीं दे पाए; दिशा बैठक में ग्रामीण गमछे पर लिख लाया शिकायत

नागौर में ग्रामीण दिशा बैठक में पहुंच गए और गमछे को पोस्टर बना दिया। उन्होंने बैठक में भ्रष्टाचार की पोल खोल दी। बैठक में सांसद हनुमान बेनीवाल मौजूद थे। ग्रामीणों ने कहा कि कृषि मंडी घटिया सड़कें बनवा रहा है। इस पर सांसद ने संबंधित अधिकारी से ही पूछ लिया कि आप बताओ कौन सी सड़क सबसे घटिया बनाई है। बैठक शुक्रवार को नागौर जिला परिषद सभागार में हुई। जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक में कलक्टर अरुण कुमार पुरोहित, जिला प्रमुख भागीरथ राम चौधरी सहित कई अधिकारी मौजूद थे। इस दौरान संथेरण गांव के लोग PWD के अधिकारियों के खिलाफ पोस्टर लेकर पहुंच गए। गमछे पर भ्रष्टाचार की इबारत.. 2 दिन का आश्वासन दिया था, 8 महीने बाद भी नतीजा शून्य बैठक में पहुंचे संथारण गांव के ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि 8 महीने पहले अपनी मांगो को लेकर ग्रामीण पानी की टंकी पर चढ़े थे। उस वक्त समझौते के तहत अधिकारियों ने 2 दिन में काम करवाने का लिखित आश्वासन दिया था लेकिन 8 महीने बाद भी आज स्थिति वही है। ग्रामीणों ने PWD के अधिकारी और ग्राम विकास अधिकारी पर भ्रष्टाचार और काम टालने के आरोप लगाए। उन्होंने बैठक में पोस्टर लहराए। बैठक के दौरान कृषि मंडी की ओर से ग्रामीण क्षेत्रों में बनवाई जाने वाली सड़कों के बारे में सांसद बेनीवाल बोले- कई सड़कें बहुत ही घटिया बनाई गई हैं। सांसद ने कृषि मंडी के XEN से पूछ लिया- आप ही बताओ कि कौनसी सड़क सबसे घटिया है। हालांकि अधिकारी को जवाब देते नहीं बना। लाइट लगाई नहीं, काम कंपलीट बता दिया ईनाणा गांव में है मास्ट लाइट लगाने के मामले में नेशनल हाईवे अथॉरिटी के अधिकारी घिर गए। गांव वालों ने बताया कि मौके पर लाइट नहीं लगाई गई हैं। जबकि अधिकारियों ने फाइलों में काम कम्पलीट बता दिया। गांव में एंट्री के दोनों तरफ हाई मास्ट लाइट लगनी थी। इसका प्रस्ताव पिछली मीटिंग में लाया गया था। लाइट कागजों में ही लग गई। मामला समिति सामने आने पर सांसद बेनीवाल ने नाराजगी जाहिर की। दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिये। अब अधिकारियों ने जल्द ही ईनाणा गांव में हाई मास्ट लाइट लगाने का आश्वासन दिया है। बैठक में नागौरी पान मेथी को विश्व स्तर पर पहचान दिलाने के लिए जीआई टैग का मामला भी बैठक में उठा। सांसद ने इसके लिए सम्बन्धित मंत्री से चर्चा करने और जल्द GI टैग दिलाने का भरोसा दिलाया। रियांबड़ी में अवैध खनन को लेकर नाराजगी सांसद ने रियांबड़ी क्षेत्र में अवैध खनन के मामले में भी नाराजगी जाहिर की। खनन विभाग के अधिकारियों को फटकारा। कहा- वहां लगातार अवैध खनन हो रहा है और देर रात खनन जारी रहता है। इन मुद्दों को लेकर यहां जन आंदोलन भी हुआ। ड्रोन सर्वे करवाने की बात थी, लेकिन अब तक कुछ नहीं हुआ। दिशा की बैठक में सभी विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। चिकित्सा, सार्वजनिक निर्माण विभाग, शिक्षा, सामाजिक कल्याण​​ सहित सभी कई विभागों के मुद्दे एक-एक कर सुने गए। आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए। सांसद बेनीवाल ने कहा-यह लोकतंत्र है, इसमें जनता कि आवाज़ सबसे पहले सुनी जानी चाहिए।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *