भास्कर न्यूज|लोहरदगा नई दिल्ली स्थित संसद भवन के सेंट्रल हॉल में आयोजित 28वें कॉमनवेल्थ (राष्ट्रमंडल) स्पीकर्स एवं पीठासीन अधिकारियों के सम्मेलन में लोहरदगा लोकसभा क्षेत्र के सांसद सुखदेव भगत ने भाग लिया। इस सम्मेलन में राष्ट्रमंडल के 56 देशों के स्पीकर एवं पीठासीन अधिकारी शामिल हुए। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के निमंत्रण पर सांसद सुखदेव भगत इस अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में शामिल हुए। सम्मेलन के दौरान लोकसभा स्पीकर द्वारा सांसद सुखदेव भगत को 56 देशों से आए प्रतिनिधियों के स्वागत की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई, जिसे उन्होंने सफलतापूर्वक निभाया। लोकसभा अध्यक्ष द्वारा लोहरदगा के सांसद को इस प्रतिष्ठित सम्मेलन में आमंत्रित किया जाना पूरे संसदीय क्षेत्र की जनता के लिए गौरव की बात मानी जा रही है। उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व भी जब सुखदेव भगत पहली बार विधायक बने थे, तब उन्हें भारत के प्रतिनिधि के रूप में अमेरिका के टर्क्स एंड काइकस में आयोजित राष्ट्रमंडल सम्मेलन में भाग लेने के लिए चयनित किया गया था, जहां उन्होंने भारत का पक्ष मजबूती से रखा था। इस सम्मेलन में संसदीय लोकतंत्र को और अधिक सुदृढ़ करने, संसद के कार्यों को प्रभावी बनाने, सांसदों की सुरक्षा, तकनीकी प्रगति, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस सोशल मीडिया के प्रभाव और नागरिक सहभागिता बढ़ाने जैसे अहम विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। एआई के उपयोग और सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव पर विशेष मंथन हुआ। सम्मेलन के दौरान सांसद सुखदेव भगत ने न्यू गिनी, किरिबाती (काराबाटी) सहित कई देशों के स्पीकरों एवं पीठासीन अधिकारियों का स्वागत किया। इस अंतरराष्ट्रीय मंच पर उनकी सक्रिय भागीदारी ने लोहरदगा संसदीय क्षेत्र के साथ-साथ देश का भी मान बढ़ाया।


