बालोद| बालोद–दुर्ग मुख्य मार्ग पर स्थित ग्राम टेकापार में एक दुकान के तीन शेड की लोहे की पाइप से फांसी लगाकर अड़जाल निवासी उमाशंकर उर्फ भागवत गुप्ता ने आत्महत्या कर ली। बुधवार को सुबह ग्रामीणों ने शव को लटका देख बालोद पुलिस को सूचना दी। परिजनों को बुलाकर शव की शिनाख्त कराई। जिसके बाद दोपहर करीब 2 बजे पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंपा गया। पुलिस के अनुसार उमाशंकर अड़जाल में बिजली सामान, मोटर मैकेनिकल दुकान का संचालन करता था। बताया गया कि करीब छह माह पहले भी जहर पीकर आत्महत्या का प्रयास किया था, लेकिन परिजनों ने बचा लिया था। जेब से मिले सुसाइड नोट में स्वास्थ्य संबंधी कारणों का उल्लेख किया गया है। सांस लेने में गंभीर तकलीफ आत्महत्या का कारण बताया गया है। परिजनों ने पुलिस को जानकारी दी है कि उमाशंकर मंगलवार को घर से यह कहकर निकला था कि वह चरोदा (भिलाई) जा रहा है।


