साइंस में फिसड्डी खूंटी आर्ट्स में टॉप, रांची का रिजल्ट 1.93% सुधरा, लेकिन नौवें पायदान पर ही बरकरार

झारखंड एकेडमिक काउंसिल (जैक) ने गुरुवार को इंटरमीडिएट आर्ट्स का रिजल्ट घोषित कर दिया। इसमें 95.60% स्टूडेंट्स सफल हुए हैं। यह पिछले साल की तुलना में 2.60 फीसदी ज्यादा है। पिछले साल 93.16 फीसदी स्टूडेंट्स सफल हुए थे। इस परीक्षा में छात्रों की तुलना में छात्राओं का प्रदर्शन शानदार रहा। 96.36% छात्राएं तो 94.54% छात्र पास हुए। यानी छात्रों की तुलना में छात्राओं का रिजल्ट 1.82% ज्यादा रहा। वहीं फर्स्ट डिवीजन लाने वालों में भी 71,624 छात्राएं और 36,243 छात्र हैं। जिलावार रिजल्ट में इस बार खूंटी एक पायदान की छलांग लगाकर पहले स्थान पर पहुंच गया। यहां के 99.53% स्टूडेंट्स पास हुए। पिछली बार यहां का रिजल्ट 97.80% था। इंटर साइंस के रिजल्ट में खूंटी जिला आखिरी पायदान पर था। उधर, रांची का रिजल्ट पिछले साल से 1.93% बढ़ा, लेकिन जिलावार रिजल्ट में यह नौवें स्थान पर ही बरकरार रहा। इस परीक्षा में राजमहल के देव जेके हाईस्कूल के देव तिवारी 500 में से 481 अं​क हासिल कर झारखंड टॉपर बने। वहीं उर्सुलाइन इंटर कॉलेज की अनन्या पाल 463 अंक के साथ रांची टॉपर बनी हैं। दो नेत्रहीन स्टूडेंट ने भी सफलता पाई। टॉप-10 में 19 स्टूडेंट्स को जगह मिली। इनमें 14 छात्राएं हैं। वहीं इस सूची में राजधानी रांची के पांच स्टूडेंट्स को जगह मिली। गणित व सांख्यिकी का रिजल्ट सबसे खराब इंटर आर्ट्स में कुल 55 विषयों की परीक्षा ली गई थी। इनमें 12 क्षेत्रीय व जनजातीय भाषाओं में शत-प्रतिशत स्टूडेंट्स सफल रहे। वहीं गणित और सांख्यिकी का रिजल्ट सबसे खराब रहा। गणित में 91% और सांख्यिकी में 93% बच्चे पास हुए। गणित में कुल 202 स्टूडेंट्स थे, जिनमें से सिर्फ पांच को 80% या इससे ज्यादा अंक मिले। वहीं सांख्यिकी में सिर्फ एक छात्र को 80% से ज्यादा अंक मिले हैं। वहीं राजनीति विज्ञान विषय की परीक्षा में सबसे अधिक स्टूडेंट्स पास हुए हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *