साइकिल रैली के साथ ही बाड़मेर में सशस्त्र सेना झंडा दिवस का शुभारंभ

भास्कर न्यूज | बाड़मेर शहीदों के सम्मान और सैनिकों के परिवारों के कल्याण के उद्देश्य से मनाया जाने वाला सशस्त्र सेना झंडा दिवस 2025 शुक्रवार को हर्षोल्लास के साथ आरंभ हुआ। जिला सैनिक कल्याण अधिकारी कर्नल विक्रमसिंह राठौड़ ने मुख्य कार्यकारी अधिकारी रवि कुमार को झंडा लगाकर कार्यक्रम का औपचारिक शुभारंभ कराया। इस अवसर पर अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद के अध्यक्ष कैप्टन हीरसिंह भाटी ने हरी झंडी दिखाकर साइकिल रैली को रवाना किया। रैली में एनसीसी कैडेट्स सहित पूर्व सैनिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। रैली के माध्यम से सैनिकों के योगदान, शहीदों के बलिदान तथा सैन्य परिवारों के कल्याण के संदेश जन-जन तक पहुंचाए गए। जिला सैनिक कल्याण अधिकारी विक्रमसिंह राठौड़ ने बताया कि झंडा दिवस के अवसर पर शहीद सैनिकों, युद्ध में निशक्त हुए जवानों, सेवानिवृत सैनिकों और वीरांगनाओं के कल्याण के लिए जनसहयोग से धन एकत्रित करने के लिए आह्वान किया जाता है। इसमें युद्धवीरों एवं उनके परिवारों की कल्याणकारी योजनाओं के जरिए मदद की जाती है। उन्होंने इस दिवस के अवसर पर सैन्य परिवारों के कल्याण के लिए अधिकाधिक आर्थिक सहयोग करने का आग्रह किया। उन्होंने बताया कि जिले के विभिन्न शिक्षण संस्थानों एवं सरकारी विभागों में सशस्त्र सेना झंडा दिवस के स्टिकर्स भी भिजवाए गए हैं। इनकी बिक्री के लिए कोई दर निर्धारित नहीं की गई है। अधिकारी ने सभी विभागीय अधिकारियों तथा नागरिकों से अपील की कि स्टिकर्स लगाकर अधिक से अधिक दान राशि जुटाकर जिला सैनिक कल्याण अधिकारी बाड़मेर के नाम से चौक या डीडी के जरिए जमा करवाएं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *