जिले के म्याना इलाके के डुंगासरा गांव में नेशनल हाईवे पर खड़े ट्रक में पीछे से दूसरे ट्रक ने टक्कर मार दी। टक्कर में ट्रक आगे से बुरी तरह चकनाचूर हो गया। ट्रक ड्राइवर और क्लीनर उसी में फंस गए। हादसे में पिता पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों का जिला अस्पताल में इलाज किया जा रहा है। मिली जानकारी के अनुसार यूपी के अमेठी जिले के रहने वाले कुद्दूस खान(47) और अरमान खान ट्रक से गुना से ग्वालियर तरफ जा रहे थे। कुद्दूस ट्रक ड्राइवर हैं और उनका बेटा अरमान ट्रक पर क्लीनर का काम करता है। वे शनिवार को महाराष्ट्र से निकले थे। रविवार रात लगभग 9 बजे उनका ट्रक नेशनल हाईवे क्रमांक 46 पर म्याना इलाके के डुंगासरा गांव में पहुंचा था। वहीं साइड में सड़क किनारे एक ट्रक खड़ा हुआ था। इसी दौरान उनके ट्रक ने आगे खड़े ट्रक में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि उनका ट्रक आगे से पूरी तरह चकनाचूर हो गया। वहां मौजूद राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर पहुंची डायल 112 ने बमुश्किल दोनों को बाहर निकाला। दोनों को निकालकर जिला अस्पताल भिजवाया। हादसे में अरमान के दोनों पैर बुरी तरह फ्रैक्चर हो गए। वहीं पिता कुद्दूस का भी एक पैर फ्रैक्चर हो गया। कुद्दूस की हालत गंभीर बताई जा रही है। तस्वीरों में देखिए हादसा…


