डीग जिले की गोपालगढ़ थाना पुलिस ने तीन साइबर ठगों को गिरफ्तार किया है। तीनों साइबर ठग बोलेरो गाड़ी में बैठकर साइबर ठगी कर रहे थे। जैसे ही पुलिस मौके पर पहुंची तो 1 साइबर ठग बोलेरो से उतरकर भाग गया। पुलिसकर्मी ने उसका पीछा भी किया लेकिन, खड़ी फसल का फायदा उठाकर वह भागने में सफल रहा। गोपालगढ़ थाना अधिकारी तारा चंद शर्मा ने बताया कि पुलिस की एक टीम साइबर ठगों के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए थाने से रवाना होकर अंधवाड़ी चौराहे पर पहुंची। जहां मुखबिर के जरिए पता लगा कि जोतरी पीपल के जंगल में कच्चे रास्ते पर एक बोलेरो गाड़ी खड़ी है। जिसमें 4 साइबर ठग बैठे हुए हैं और, साइबर ठगी कर रहे हैं। पुलिस की टीम मौके पर पहुंची तो, बोलेरो में तीन व्यक्ति बैठे हुए दिखाई दिए साथ ही एक व्यक्ति खेतों की तरफ भागता हुआ दिखाई दिया। पुलिसकर्मियों ने बोलेरो में बैठे लोगों को भागने नहीं देने की हिदायत देकर भागते हुए व्यक्ति का पीछा किया लेकिन, आरोपी भागने में कामयाब रहा। बोलेरो में बैठे लोगों ने अपना नाम फारुख, सलीम निवासी खड़ियावास और आदिल निवासी पीरूका होना बताया। तलाशी लेने पर आरोपियों से 2 मोबाइल और 4 फर्जी सिम मिले। मोबाइलों की तलाशी लेने पर आरोपियों के मोबाइलों में सोशल मीडिया द्बारा कई फर्जी अकाउंट मिले जो उन्होंने लड़कियों के नाम से बनाये हुए थे। उन्हीं अकाउंट से साइबर ठग लोगों से पैसे ऐंठते थे।


