सवाई माधोपुर की बौंली थाना पुलिस ने साइबर ठगी के 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी सचिन (21) पुत्र भंवरलाल गुर्जर निवासी गोल और नमोनारायण (19) पुत्र टीकाराम मीणा निवासी रतनपुरा को गिरफ्तार किया है। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने 16 लाख रुपए की साइबर ठगी करना कबूला है। बौंली थानाधिकारी राधारमण गुप्ता ने बताया कि SP ममता गुप्ता के निर्देशन में साइबर ठगों के खिलाफ और वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत शनिवार शाम को थाना पुलिस गश्त कर रही थी। गश्त के दौरान पुलिस टीम को दिखा कि लाखनपुर घाटी के नीचे स्कूल के पास 2 लड़के मैसेज भेजकर ऑनलाइन ठगी कर रहे हैं। जिस पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। जहां टीम को दो संदिग्ध युवक दिखाई दिए। यह युवक पुलिस को देखकर भागने लगे। दोनों बदमाशों को घेराबंदी कर पकड़ा गया। टीम को दोनों युवकों के मोबाइल में साइबर ठगी करने एप्लिकेशन और साइबर ठगी करने के वाट्स एप चैनल मिले। जिस पर पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने 16 लाख रुपए की ठगी करने की बात कबूली है। थानाधिकारी गुप्ता ने बताया कि उच्चाधिकारियों के आदेशानुसार आगामी समय में भी साइबर ठगों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।


