रामानुजगंज में साइबेरियन डक का एक जोड़ा पहुंच गया है। हर साल की तरह इस बार भी ठंड के मौसम में इन प्रवासी पक्षियों की आमद से स्थानीय पक्षी प्रेमियों और नागरिकों में उत्साह है। इन्हें कनहर नदी क्षेत्र में देखा गया है। जानकारी के अनुसार, लगभग पंद्रह दिन पहले यह दुर्लभ प्रवासी पक्षी कन्हर नदी के टट क्षेत्र के समीप पहली बार देखा गया था। यह जोड़ा आमतौर पर कन्हर नदी के बीच स्थित टापू पर, राम मंदिर घाट के सामने, सुबह और शाम के समय दिखाई देता है। शांत वातावरण, स्वच्छ जल और पर्याप्त भोजन की उपलब्धता इस क्षेत्र को इन प्रवासी पक्षियों के लिए अनुकूल बनाती है। साइबेरिया जैसे अत्यधिक ठंडे क्षेत्रों से हजारों किलोमीटर की यात्रा तय कर ये पक्षी भारत के अपेक्षाकृत गर्म इलाकों में आते हैं। कन्हर नदी में दुर्लभ पक्षियों की वापसी स्थानीय पक्षी प्रेमियों और प्रकृति प्रेमियों का मानना है कि यह जोड़ा लगातार कई वर्षों से इसी क्षेत्र में आ रहा है। यह कन्हर नदी के पारिस्थितिक संतुलन के सुरक्षित होने का संकेत है। कई लोग दूरबीन और कैमरे लेकर इन पक्षियों को देखने पहुंच रहे हैं, वहीं बच्चे और युवा वर्ग भी इनके बारे में जानने में रुचि दिखा रहे हैं। नगरवासियों ने प्रशासन से अपील की है कि इन प्रवासी पक्षियों की सुरक्षा के लिए विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने शिकार या किसी प्रकार की अव्यवस्था से इन्हें नुकसान न पहुंचने देने की मांग की है। साथ ही, नदी क्षेत्र में स्वच्छता बनाए रखने और अनावश्यक शोर से बचने की आवश्यकता पर भी जोर दिया गया है। साइबेरियन डक की यह वार्षिक आमद न केवल रामानुजगंज की प्राकृतिक सुंदरता को बढ़ाती है, बल्कि क्षेत्र में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता का भी संदेश देती है।


