साक्षरता जागरूकता: 26 जनवरी को होगा उल्लास मेला

भास्कर न्यूज| महासमुंद राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अनुरूप उल्लास नवभारत साक्षरता कार्यक्रम के तहत जिले को शत-प्रतिशत साक्षर बनाने की कवायद तेज हो गई है। इसको लेकर बुधवार को बीआरसीसी कार्यालय महासमुंद में समस्त संकुल समन्वयकों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में विकासखंड साक्षरता मिशन की एबीईओ व बीपीओ तारिका कुंजाम ने बताया कि आगामी गणतंत्र दिवस (26 जनवरी) के अवसर पर उल्लास मेला का आयोजन किया जाएगा। इस मेले का उद्देश्य जनसमुदाय को साक्षरता के प्रति जागरूक करना है। मेले में नवसाक्षर, असाक्षर, स्वयंसेवी शिक्षक और आम नागरिक शामिल होंगे। मेले में विशेष स्टाल लगाए जाएंगे, जहां असाक्षरों के लिए मनोरंजक और ज्ञानवर्धक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। बीआरसीसी जागेश्वर सिन्हा ने स्पष्ट किया कि 26 जनवरी को इस मेले के आयोजन का उद्देश्य समाज को यह समझाना है कि साक्षरता हर व्यक्ति के अधिकार और सम्मान के लिए कितनी आवश्यक है। बैठक के दौरान नोडल अधिकारी ईश्वर चंद्राकर ने उल्लास सर्वे प्रपत्रों (प्रपत्र 1 से 5) को भरने और उनके संधारण की तकनीकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रपत्र 1 उल्लास केंद्र वार कुल असाक्षरों का संकलन। प्रपत्र 2 असाक्षरों का स्वयंसेवी शिक्षकों के साथ ”बैचिंग-मैचिंग”। प्रपत्र 3 वर्ग एवं जेंडर के आधार पर सांख्यिकीय डेटा। प्रपत्र 4 ग्राम पंचायत के पूर्ण साक्षर होने पर ”पूर्ण साक्षर ग्राम पंचायत” का प्रमाण पत्र जारी करना। प्रपत्र 5 असाक्षरों की अंतिम जानकारी उच्च कार्यालय को प्रेषित करने के बारे में बताया गया। इस अवसर पर विकासखंड के बड़ी संख्या में शिक्षा विभाग के अधिकारी और समन्वयक उपस्थित रहे, जिन्होंने इस मिशन को जन-आंदोलन बनाने का संकल्प लिया। मार्च परीक्षा में पूर्ण साक्षर बनाने का संकल्प लिया बैठक में उपस्थित अनिल ढीढी, आशीष कुमार साहू सहित सभी संकुल समन्वयकों को कड़े निर्देश दिए गए कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में ग्राम प्रभारी शिक्षकों और सर्वेयरों की बैठक लें। उन्हें सरपंच, पंच और सचिवों के साथ समन्वय बनाकर कार्ययोजना तैयार करने को कहा गया है, ताकि मार्च में आयोजित होने वाली साक्षरता परीक्षा में शत-प्रतिशत सफलता प्राप्त कर जिले को साक्षरता के लक्ष्य तक पहुंचाया जा सके।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *