सागर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र के ग्राम पथरिया जाट में बदमाश ने ज्वेलर्स दुकान में सेंध लगाई। चोर ने पहले दुकान के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे की दिशा बदली और फिर गैस कटर से शटर का सेंट्रल लॉक काटकर अंदर पहुंचा। दुकान में रखे सोने-चांदी के जेवरात लेकर भाग गया। वारदात सामने आने पर फरियादी ने पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू की। फरियादी की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है। वहीं वारदात के दौरान आरोपी सीसीटीवी कैमरे में कैद हुआ है। फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश की जा रही है। पुलिस के अनुसार, पथरिया जाट निवासी रज्जन पिता रामसिंह प्रजापति ने थाने में आकर शिकायत की। शिकायत में बताया कि उसकी करीब ढाई साल से सागर-रहली मुख्य मार्ग स्थित ग्राम पथरिया जाट में श्रीराम ज्वेलर्स के नाम से दुकान हैं। रोजाना की तरह वह रात में कीमती सोने-चांदी के गहने लेकर दुकान बंद कर घर चले गए। सुबह करीब 5 बजे गांव के व्यक्ति ने फोन पर सूचना दी कि दुकान की शटर खुली है और ताले टूटे हैं। शिकायत मिलते ही मौके पर पहुंचा। जहां देखा तो दुकान खुली थी। गैस कटर से शटर का सेंट्रल लॉक काटा गया था। फरियादी रज्जन ने बताया वारदात के दौरान आरोपी दुकान से सोने के 2 मंगलसूत्र, 8 पीस सोने की हॉय, सोने का एक पेंडल, अंगूठी, नाक की लोंग, एक चांदी का मुकुट, एक जोड़ी पायल, करधनी, चांदी की बिछिया, चांदी की अंगूठियां, बालियां और करीब 5 हजार रुपए नकदी लेकर भागे है। कैमरे में कैद हुआ चोर
वारदात के दौरान दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में चोर कैद हुआ है। वह पहले सड़क पर दुकान की ओर आते हुए नजर आ रहा है। दुकान के पास डंडे से उसने कैमरे की दिशा बदली। जिसके बाद वह दुकान के अंदर पहुंचा। दुकान के अंदर लगे सीसीटीवी कैमरे में भी चोर कैद हुआ। वह सिर पर कपड़े ढंके था, उसने कैमरा देखा तो उसकी दिशा बदल दी। जिसके बाद वारदात कर आरोपी फरार हो गया। वारदात सामने आने पर पुलिस और एफएसएल की टीम ने मौके पर पहुंचकर आरोपियों से जुड़े सुराग जुटाए हैं। वहीं फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है।


