सागर के कोतवाली थाने में पदस्थ आरक्षक रूपेश साहू (40) ने दमोह स्थित अपने घर में जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली। घटना रविवार की है। तबीयत बिगड़ने पर परिजन उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव का पंचनामा बनाकर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है और मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, मृतक आरक्षक रूपेश साहू दमोह के फुटेरा वार्ड नंबर 4 के निवासी थे। वे सागर के कोतवाली थाने में पदस्थ थे और घर आए हुए थे। इसी दौरान रविवार को उन्होंने अज्ञात कारणों के चलते जहरीला पदार्थ खा लिया। मृतक के चचेरे भाई सजल साहू ने बताया कि उनकी पत्नी नीता साहू दमोह जिला अस्पताल में नर्स के रूप में कार्यरत हैं। रूपेश के तीन बच्चे हैं, जिनमें एक बेटा और दो बेटियां शामिल हैं। पिता का रो-रोकर बुरा हाल घटना के बाद से परिवार में मातम पसरा है। मृतक के पिता अपने बेटे के दोस्तों से लिपटकर बिलख रहे हैं और उनके बचपन के दिनों को याद कर भावुक हो रहे हैं। परिवार का कहना है कि उन्हें समझ नहीं आ रहा है कि रूपेश ने इतना बड़ा आत्मघाती कदम क्यों उठाया। आत्महत्या के कारण स्पष्ट नहीं पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच में लिया है। आत्महत्या के कारणों की तलाश की जा रही है। शुरुआती जांच में अभी तक आत्महत्या का कोई स्पष्ट कारण सामने नहीं आ सका है। पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है।


