सागर जिले के खुरई में जेल रोड स्थित आवासीय कॉलोनी में पिछले 10 दिनों से नाग-नागिन के जोड़े की दहशत थी। रविवार को यह जोड़ा एक खाली प्लॉट में नजर आया। रहवासियों की सूचना पर सागर से पहुंचे स्नेक कैचर अकील बाबा ने करीब 2 घंटे की मशक्कत के बाद दोनों सांपों का रेस्क्यू किया। सांप बिल में घुस गए थे, जिन्हें निकालने के लिए नगर पालिका के टैंकर से पानी भरा गया। स्नेक कैचर अकील बाबा ने बताया कि पकड़े गए नाग-नागिन कोबरा प्रजाति के हैं। दोनों की लंबाई करीब 5 से 6 फीट है। यह जोड़ा कई दिनों से घरों के आसपास घूम रहा था। डर के कारण लोगों ने अपने घरों के दरवाजे और खिड़कियां तक खोलना बंद कर दिया था। बिल में पानी भरा तब बाहर निकले रविवार को सांप खाली प्लॉट में दिखे तो रेस्क्यू टीम को बुलाया गया। टीम के पहुंचते ही सांप बिल में घुस गए। उन्हें बाहर निकालने के लिए नगर पालिका से पानी का टैंकर मंगवाया गया। बिल में पानी भरते ही सांप बाहर निकल आए, जिन्हें अकील बाबा और उनके बेटे असद खान ने पकड़ लिया। जंगल में सुरक्षित छोड़ा करीब 2 घंटे चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद सांपों को सुरक्षित जंगल में छोड़ दिया गया है। अकील बाबा ने बताया कि कोबरा प्रजाति का सांप बेहद जहरीला होता है। समय पर इलाज न मिलने पर इसके डसने से इंसान की मौत भी हो सकती है। सांप पकड़े जाने के बाद कॉलोनी के लोगों ने राहत की सांस ली।


