सागर में कलेक्टर के पड़ोस वाले बंगले में चोरी:नौकरानी ही निकली मास्टरमाइंड; प्रेमी को बुलाकर साफ कर दिए 6 लाख के जेवर

सागर में कलेक्टर निवास के ठीक सामने स्थित हाई-प्रोफाइल इलाके के बंगले में हुई चोरी का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। जिस महिला पर घर की सफाई की जिम्मेदारी थी, वही इस वारदात की मास्टरमाइंड निकली। मालकिन के शहर से बाहर जाते ही नौकरानी ने अपने प्रेमी और साथियों को बुलाकर घर का सफाया करवा दिया। कैंट थाना पुलिस ने मामले में नौकरानी, उसके प्रेमी समेत 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें एक नाबालिग भी शामिल है, जो उसी बंगले में काम करता था। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 6 लाख रुपए के सोने-चांदी के जेवर बरामद किए हैं। खंडहर में बैठकर कर रहे थे माल का बंटवारा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि जोगर्स पार्क के पास स्थित एक खंडहर में तीन लड़के और एक लड़की संदिग्ध हालत में बैठे हैं और किसी कीमती सामान का बंटवारा कर रहे हैं। पुलिस टीम ने तुरंत दबिश दी और चारों को धर दबोचा। पकड़े गए आरोपियों की पहचान रवींद्र अहिरवार (22), विक्रम अहिरवार (20), अंजली वाल्मीकि (25) और एक नाबालिग के रूप में हुई। सख्ती से पूछताछ करने पर उन्होंने बंगला नंबर-17 में चोरी करना कबूल कर लिया। शादी करना चाहते थे, इसलिए रची साजिश पुलिस जांच में एक लव एंगल भी सामने आया है। आरोपी अंजली वाल्मीकि तलाकशुदा है और वह मुख्य आरोपी रवींद्र अहिरवार से शादी करने वाली थी। अंजली और नाबालिग दोनों बंगले में काम करते थे, इसलिए उन्हें घर के चप्पे-चप्पे की जानकारी थी। उन्हें पता था कि मालकिन अंजू जुनैजा (62) अपनी बेटी से मिलने जबलपुर गई हुई हैं। मौका पाकर अंजली ने अपने प्रेमी रवींद्र को फोन कर बुला लिया। रवींद्र अपने दोस्त विक्रम को भी साथ ले आया। इसके बाद इन लोगों ने पीछे की खिड़की तोड़कर घर में एंट्री ली और अलमारी के लॉक तोड़कर जेवर व कैश उड़ा दिए। दामाद ने दी थी खिड़की टूटने की खबर फरियादी अंजू जुनैजा ने पुलिस को बताया कि वे 25 नवंबर की दोपहर जबलपुर गई थीं। अगले ही दिन उनके दामाद ने फोन कर बताया कि घर के पीछे की खिड़की टूटी हुई है। जब वे सागर लौटीं तो देखा कि अलमारी का लॉक टूटा था और मंगलसूत्र, चेन, अंगूठी, नथ समेत चांदी के बर्तन गायब थे। थाना प्रभारी रोहित डोंगरे ने बताया कि आरोपियों से लोहे का सरिया, प्लास और चोरी गए सारे जेवर जब्त कर लिए गए हैं। तीन आरोपियों को जेल और नाबालिग को सुधार गृह भेज दिया गया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *