सागर में टीआई पर मारपीट का आरोप:यादव समाज के लोग बोले-आपसी विवाद के मामले में पुलिस ने मारपीट की, एएसपी बोले-मामले की जांच कराएंगे

सागर में सोमवार को अखिल भारतवर्षीय जिला यादव महासभा ने बांदरी थाना पुलिस के खिलाफ एसपी कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा। उन्होंने बांदरी थाना प्रभारी और स्टाफ पर यादव समाज के लोगों के साथ सार्वजनिक स्थल पर मारपीट करने का आरोप लगाया है। यादव समाज के लोग सोमवार को रैली के रूप में एसपी कार्यालय पहुंचे। जहां उन्होंने मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा। उन्होंने ज्ञापन में कहा कि 6 फरवरी को नगर परिषद बांदरी में यादव समाज के राजा यादव, मुंशीराम यादव, रामजी यादव का आपसी विवाद हुआ था। विवाद में पुलिस ने कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान बांदरी थाना प्रभारी समेत स्टाफ ने कानूनी कार्रवाई करने की वजह सार्वजनिक स्थान पर उक्त लोगों के साथ मारपीट की। मारपीट में उन्हें चोटे आई हैं। इतना ही नहीं पुलिस ने बाजार में उनका जुलूस निकाला। जबकि वह लोग आपराधिक प्रवृत्ति के नहीं हैं। उन्होंने थाना प्रभारी समेत अन्य स्टाफ पर कार्रवाई की मांग की। एडिशनल एसपी संजीव उईके ने मामले में घायलों की एमएलसी कराकर जांच कराने का आश्वासन दिया है। कार्रवाई नहीं हुई तो कोर्ट जाएंगे
शिकायत करने पहुंचे राजा यादव ने बताया कि 6 फरवरी को दूध के लेनदेन को लेकर आपसी विवाद हुआ था। विवाद में पुलिस पकड़कर ले गई और हम लोगों के साथ मारपीट की गई। मारपीट में मेरा हाथ फ्रैक्चर हुआ है। यादव महासभा के जिला अध्यक्ष शिवशंकर यादव ने कहा कि जिन लोगों के साथ पुलिस ने मारपीट की, वह अपराधी नहीं है। मामले में कार्रवाई का आश्वासन मिला है। यदि पुलिस कार्रवाई नहीं करेगी तो न्यायालय की शरण लेंगे। इस दौरान रुपनारायण यादव, रज्जन यादव, गोपालाल यादव, लीलाधर यादव, बब्बू यादव, मोंटी यादव समेत अन्य यादव समाज के लोग मौजूद थे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *