स्कूल चले हम योजना के तहत पूर्व मंत्री गोपाल भार्गव ने शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय गढ़ाकोटा रूई बाजार में सोमवार को छात्राओं को साइकिलों का वितरण किया। कार्यक्रम में पूर्व मंत्री और रहली विधायक गोपाल भार्गव ने संबोधित करते हुए कहा कि अशिक्षा संसार में सबसे बड़ा अभिशाप है। रेलवे, बस स्टैंड, बाजार, सरकारी दफ्तरों और अपना हस्ताक्षर लिखना नहीं आता, अंग्रेजी तो छोड़ो, हिंदी पढ़ना नहीं आता तो आप हंसी के पात्र बनते हैं। मेरे क्षेत्र की कोई बेटा-बेटी हास्य का पात्र न बने इसलिए मैंने और हमारे शिक्षकों ने सौगंध ली है कि सभी को साक्षर बनाएंगे। ‘उस समय इतने हाई स्कूल नहीं थे’
उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य है कि हमारा राज्य पूर्ण साक्षर हो। केरल राज्य देश में पूर्ण साक्षर हो गया है। बच्चों को पढ़ने के लिए आसपास के गांव ना जाना पड़े, इसके लिए गांवों में हाई स्कूल खुलवाए। जब मैं पढ़ता था उस समय इतने हाई स्कूल नहीं थे। कहते हुए खुशी है कि अपनी विधानसभा में 99 प्रतिशत साक्षरता हो गई है। हम एक परसेंट के लिए भी प्रयास रखें। उन्होंने कहा कि बच्चों से संवाद करने आया हूं। अभिभावक से कहा कि अपने घर में अच्छा माहौल दें। ताकि बच्चे पढ़ सकें। 423 साइकिलों का विद्यार्थियों को किया वितरण
कार्यक्रम में हाईस्कूल में 160, शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय गढ़ाकोटा में 109, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मडिया अग्रसेन में 16, शासकीय साबूलाल कन्या हाई स्कूल में 32, शासकीय हाई स्कूल चौरई में 17, शासकीय हाई स्कूल उदयपुरा में 36, शासकीय हाई स्कूल रोन में 20, शासकीय हाई स्कूल रेंगुवा में 12, एकीकृत कन्या माध्यमिक शाला गढ़ाकोटा में 21 समेत 423 साइकिलों का वितरण विद्यार्थियों को किया गया। कार्यक्रम में नपा अध्यक्ष प्रतिनिधि मनोज तिवारी, बसंत यादव, सुरेश कपस्या, बीईओ इंदुनाथ तिवारी, छपरा स्कूल के प्रभारी प्राचार्य शंकर लाल कोरी, ऊमरा हाईस्कूल प्रभारी प्राचार्य नन्हेलाल अहिरवार, चनौआ स्कूल प्रभारी प्राचार्य नितिन सोनी, शिक्षक श्यामलाल सोनी बृजेश शुक्ला , सरपंच छोटू कुर्मी, सभापति संतोष पटेल, दिनेश लहरिया, हरि नारायण पटेल, आसाराम कुर्मी, विवेक साहू समेत अन्य मौजूद थे।


