सागर के बंडा बायपास रोड पर शुक्रवार रात उस वक्त हड़कंप मच गया, जब राहगीरों को सड़क किनारे एक तेंदुआ टहलता हुआ दिखाई दिया। कार सवार राहगीरों ने इसका वीडियो भी बना लिया है। तेंदुआ दिखने की खबर से आसपास के रहवासी इलाकों में दहशत का माहौल है और वन विभाग को सूचना दे दी गई है। तेंदुआ रोड किनारे चल रहा था। जैसे ही वहां से गुजर रही कार की हेडलाइट उस पर पड़ी, वह सहम गया और सड़क किनारे एक मिट्टी के ढेर के पीछे छिप गया। कुछ देर बाद वह आगे बढ़ा। जब कार चालक ने दोबारा लाइट मारी, तो तेंदुआ तेजी से सड़क पार करते हुए दूसरी ओर अंधेरे में भाग निकला। जिस वक्त यह घटना हुई, रोड पर ट्रैफिक चालू था और बाइक-कारें आ-जा रही थीं। कॉलेज के पीछे वाली पहाड़ी पर मूवमेंट
स्थानीय लोगों ने बताया कि तेंदुआ बायपास रोड पर कॉलेज के पीछे वाली पहाड़ी इलाके में देखा गया है। चिंता की बात यह है कि यहां से रहवासी इलाका कुछ ही दूरी पर है। सूचना मिलते ही वन विभाग को अलर्ट कर दिया गया है और आसपास के लोगों को रात में सतर्क रहने की सलाह दी गई है। पहले भी इन गांवों में दिखा
ग्रामीणों के अनुसार, इससे पहले यही तेंदुआ रतनपुर और बदरयाऊ समेत आसपास के जंगल से लगे क्षेत्रों में देखा जा चुका है। बार-बार तेंदुए की आमद से ग्रामीण डरे हुए हैं।


