सागर में बादल छाए, रात का पारा 15 डिग्री दर्ज:हवाएं चलने से मौसम में घुली ठंडक, बारिश होने की संभावना

सागर जिले में मौसम में बदलाव का दौर जारी है। कभी बादल तो कभी धूप खिलने से दिनभर धूप-छांव की स्थिति बनी हुई है। पिछले दो दिनों से आसमान में बादलों की आवाजाही देखने को मिल रही है, जिसका असर दिन और रात के तापमान पर पड़ा है। तापमान में उछाल जरूर आया है, लेकिन हवाएं चलने से मौसम में हल्की ठंडक बनी हुई है। सोमवार को सुबह से ही आसमान में बादल छाए रहे। इस दौरान सागर का अधिकतम तापमान 26.7 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 15.9 डिग्री दर्ज किया गया। बीते 24 घंटों में दिन के तापमान में 2.1 डिग्री और रात के तापमान में 1.9 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हुई है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटों में भी सागर जिले में मौसम इसी तरह बना रह सकता है। जिले के कुछ स्थानों पर हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। फरवरी माह के पहले सप्ताह में पश्चिमी विक्षोभ का असर रहेगा, जिससे शुरुआती चार दिनों तक बारिश हो सकती है। इसके बाद 5 फरवरी को एक और नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ के गुजरने के बाद ठंड का एक और दौर आ सकता है, जिससे तापमान में फिर गिरावट देखने को मिल सकती है। बारिश से गिरा था पारा गौरतलब है कि पिछले दिनों सागर में बादलों के बीच बारिश और ओलावृष्टि हुई थी, जिससे मौसम में ठंडक घुल गई थी। 30 जनवरी को न्यूनतम तापमान गिरकर 9 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था। हालांकि मौसम साफ होने के बाद तापमान में फिर बढ़ोतरी हुई थी। अब एक बार फिर मौसम ने करवट ली है और आसमान में बादल छाए हुए हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *