सागर में 34 वर्षीय महिला ने एक बाबा पर झाड़-फूंक की आड़ में शारीरिक शोषण करने का आरोप लगाया है। महिला ने एसपी कार्यालय में मामले की शिकायत की है। शिकायती आवेदन पर बांदरी थाना पुलिस को जांच के निर्देश दिए गए हैं। मोतीनगर थाना क्षेत्र निवासी महिला ने आरोप लगाते हुए बताया कि बांदरी क्षेत्र में एक बाबा आश्रम बनाकर रहता है। दो साल पहले वह अपने पति के साथ बिहार के गयाजी जा रही थी। तभी बस में बाबा मिला। उसने पति के साथ जान-पहचान बनाई। बाबा ने पितरों के तर्पण के लिए पति को भागवत कथा कराने का संकल्प दिला दिया। 8 दिनों तक घर में रुका बाबा जिसके बाद पिछले साल पितृपक्ष में मूल पाठ कराया, बाबा घर पर 8 दिन तक रुका। इसी दौरान बाबा ने मोबाइल से पीड़िता के साथ कुछ फोटो भी निकाले थे। जिसके बाद बाबा आए दिन फोन लगाकर पति और पीड़िता से आश्रम आकर दरबार में पर्चा बनवाने और समस्या का समाधान कराने को बुलाने लगा। जिस पर पीड़िता दिसंबर 2023 को पति के साथ बाबा के आश्रम पर गई। जहां बाबा ने पर्चा बनाया और अक्सर बीमार रहने से छुटकारा दिलाने के लिए आश्रम में ही लाल मिर्ची का तांत्रिक हवन-पूजन और उतारा कराने का बोला। भरोसे में आकर वह पूजन कराने के लिए राजी हो गए। जिसके बाद पीड़िता को बाबा आश्रम के कमरे में ले गया। कमरे में ले जाकर बाबा ने आग में कुछ डाला और धुंआ उठा। जिसके बाद पीड़िता बेहोश हो गई। कुछ देर बाद होश आया तो उसे शक हुआ कि उसके साथ गलत काम हुआ है। बाबा से बोला तो वह तांत्रिक क्रिया करने की धमकी देने लगा। फोन नहीं उठाते तो घर आ जाता बाबा पीड़िता ने बताया कि घटनाक्रम के बाद बाबा घर पर आया था। पति घर पर नहीं थे। वह छेड़छाड़ करने लगा। विरोध किया तो उसने बेहोशी की हालत में खींची अश्लील फोटो दिखाते हुए वायरल करने की धमकी देने लगा। वह रिश्तेदारों और सोशल मीडिया पर फोटो वायरल करने की धमकी दे रहा है। बदनामी के डर से किसी को कुछ नहीं बताया। जिसके बाद बाबा आए दिन फोन लगाकर परेशान करने लगा। फोन नहीं उठाने पर घर आ जाता है। वीडियो कॉल कर परेशान करता है। मामले में पीड़िता ने बाबा के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है। बांदरी थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है।


