सागर के चांदवर गांव में मां के सामने उसके दो बेटों की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। दोनों भाई मां से हो रहे विवाद में बीच-बचाव करने गए थे। इस दौरान उनके बड़े पिता और उनके बेटे ने हमला कर दिया। मामला सानौधा थाना क्षेत्र का है। पुलिस के मुताबिक, शुक्रवार रात शांति बाई बंसल बकरियों की दवा लेने के लिए अपने रिश्तेदार (जेठ) के घर गई थीं। इसी दौरान जमीन को लेकर उनकी कहासुनी होने लगी। विवाद बढ़ता देख शांति बाई के बेटे आकाश बंसल (उम्र 16) और दीपेश बंसल (उम्र 18) मौके पर पहुंचे। जब दोनों भाई अपनी मां को बचाने के लिए आगे आए तो आरोपियों ने उन पर चाकू से हमला कर दिया। चाकू के कई घाव बेटों के पेट, पीठ और चेहरे पर लगे, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। हमले के दूसरे दिन अस्पताल में मौत गंभीर हालत में दोनों घायलों को पहले स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां से उन्हें प्राथमिक इलाज के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। शनिवार को आकाश और दीपेश की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। दोनों शवों का पंचनामा बनाकर पोस्टमॉर्टम कराया और शव परिवार वालों को सौंप दिए। मां ने कहा- हत्यारों को मिले कड़ी सजा मृतकों की मां शांति बाई ने रोते हुए बताया- जब मुझसे विवाद किया जा रहा था, तभी मेरे बेटे दीपेश और आकाश मुझे बचाने आए। इसी दौरान मेरे जेठ सुरेश धानक और उनके बेटे सचिन ने चाकू से हमला कर दिया, जिससे दोनों बेटों की मौत हो गई। शांति बाई ने दोषियों पर सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। आरोपियों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज सानौधा थाना के एसआई बलराम छारी ने बताया कि आरोपी सचिन और सुरेश धानक के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया है। परिवार में लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था और शुक्रवार को भी इसी बात को लेकर उनके बीच विवाद हुआ था। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।


