सागर में मौसेरे भाई ने की थी नर्स की हत्या:एकतरफा प्यार में 3 गोलियां चलाईं; इनमें से दो पीठ को चीरकर दिल तक पहुंचीं

सागर की शाहगढ़ पुलिस ने 24 घंटे के भीतर नर्स की हत्या मामले का खुलासा कर दिया है। पुलिस के मुताबिक, नर्स दीपशिखा चढ़ार को उसके मौसेरे भाई सुशील आठ्या ने गोली मारी थी। वह दीपशिखा से एकतरफा प्यार करता था। सुशील उसकी हत्या करने के लिए मंगलवार को ही जबलपुर से सागर आया था। दिनभर रेकी करने के बाद रात को मौका मिलते ही उसने अपने इरादे को अंजाम दे दिया। फिर भाग निकला। उसने नर्स को तीन गोलियां मारीं। एक गोली मिस हो गई, जबकि दो गोली दीपशिखा की पीठ से होते हुए दिल तक पहुंच गईं। पुलिस के मुताबिक, सुशील आठ्या जबलपुर के पनागर का रहने वाला है। वह बेरोजगार है। लंबे समय से दीपशिखा के पीछे पड़ा था, उससे शादी करना चाहता था। दीपशिखा इनकार कर रही थी, इसी बात को लेकर दोनों के बीच अनबन चल रही थी। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दीपशिखा के परिवार ने गुरुवार को चक्काजाम भी किया। पुलिस की समझाइश के बाद मामला शांत हो सका। इस मर्डर मिस्ट्री पर दैनिक भास्कर ने पुलिस से बात की। अस्पताल के गेट पर मार दी थी गोली एडिशनल एसपी डॉ. संजीव उईके ने बताया कि दीपशिखा चढ़ार (26) जबलपुर के पाटन की रहने वाली थी। करीब 2 साल से सागर के शाहगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में नर्स की नौकरी कर रही थी। अस्पताल से करीब 200 मीटर की दूरी पर किराए का कमरा लेकर रहती थी। दीपशिखा के माता-पिता गांव में ही रहते हैं। एक छोटी बहन है, जो दिव्यांग है। बुधवार को दीपशिखा की ड्यूटी रात 8 बजे से सुबह 8 बजे तक थी। वह ड्यूटी का समय होने पर पैदल ही अस्पताल के लिए निकली। जैसे ही अस्पताल के गेट के पास पहुंची तो सुशील ने उसका हाथ पकड़ लिया। दीपशिखा ने हाथ छुड़ाया तो सुशील ने उसे धक्का देकर जमीन पर गिरा दिया। फिर जेब से कट्‌टा निकाला और तीन फायर किए। दो गोली लगने से दीपशिखा की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों ने नर्सिंग का कोर्स साथ ही किया था फायरिंग की आवाज सुनकर अस्पताल में मौजूद लोग गेट की तरफ भागे। उन्होंने सुशील को पकड़ने की कोशिश की। उसका पीछा किया तो वह जंगल की ओर भाग गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पंचनामा बनाकर शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। हत्यारा कौन है, इस सवाल को सुलझाने के लिए पुलिस ने अलग-अलग टीमें बनाईं। पड़ताल में पता चला कि सुशील, दीपशिखा से एकतरफा प्यार करता था। दोनों ने नर्सिंग का कोर्स साथ ही किया था। करीब दो साल पहले दीपशिखा की नौकरी स्वास्थ्य विभाग में लग गई। वह शाहगढ़ आ गई। एक दिन पहले ही शाहगढ़ पहुंच गया था उधर, सुशील की नौकरी कहीं नहीं लग पाई। वह दीपशिखा को अक्सर फोन करके शादी करने की बात कहता था। परेशान होकर दीपशिखा ने उससे दूरी बना ली। बात करना बंद कर दिया। इसे लेकर सुशील उससे बैर पालने लगा। पुलिस को पता चला है कि सुशील वारदात को अंजाम देने के लिए एक दिन पहले ही शाहगढ़ आ गया था। उसने दीपशिखा के अस्पताल आने-जाने का समय और रास्ता पता किया। बुधवार शाम को उसके आने से पहले ही अस्पताल पहुंच गया। एक दुकान के पास बैठकर दीपशिखा के आने का इंतजार करने लगा। उसके पहुंचते ही फायरिंग कर दी। पाटन थाने में नर्स ने पहले भी शिकायत की थी एडिशनल एसपी डॉ. उईके ने बताया कि दीपशिखा के नौकरी के लिए सागर आने के बाद से दोनों के बीच अनबन शुरू हो गई थी। कुछ समय पहले दीशिखा ने जबलपुर के पाटन थाने में आरोपी की शिकायत की थी। दोनों पक्षों को थाने बुलाया गया था। माफी मांगने के बाद राजीनामा हो गया था। जबलपुर और आसपास के इलाके में दबिश फिलहाल, पुलिस की अलग-अलग टीमें सुशील की गिरफ्तारी की कोशिश में जुटी हैं। एक टीम जबलपुर भेजी गई है, जो पनागर में छानबीन कर रही है। दूसरी टीमें आरोपी के रिश्तेदार और परिचितों के घर दबिश दे रही हैं। हत्या के विरोध में परिजन ने किया चक्काजाम गुरुवार को दीपशिखा के परिजन शाहगढ़ पहुंचे। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर उन्हें सौंप दिया। वारदात से गुस्साए परिजन ने सागर-कानपुर हाईवे पर चक्काजाम कर दिया। उन्होंने सुशील को जल्द गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई करने की मांग की। पुलिस मौके पर पहुंची और समझाइश देकर लोगों को शांत कराया। शाहगढ़ थाना प्रभारी संदीप खरे ने कहा- आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगाई गई हैं। दोनों एक-दूसरे को पहले से जानते थे। अब तक की जांच में जितने बिंदु सामने आए हैं, सभी पर जांच चल रही है। आरोपी जल्द गिरफ्त में होगा। ये खबरें भी पढे़ं… ग्वालियर में ढाई साल अफेयर..फिर गर्लफ्रेंड का गला काटा ग्वालियर के एक युवक ने अपनी प्रेमिका की हत्या कर दी। वह उसकी शादी कहीं और तय होने से नाराज था। उसे इस बात का भी गुस्सा था कि शादी तय होते ही प्रेमिका ने उससे बातचीत बंद कर दी थी। ढाई साल तक चला अफेयर इस तरह खत्म होने से वह बौखला गया था। पढे़ं पूरी खबर… बैतूल में एकतरफा प्यार में हत्या, युवती का गला घोंटा बैतूल में एकतरफा प्रेम में पागल युवक ने युवती की नृशंस हत्या कर दी। पुलिस को गुमराह करने के लिए आरोपी ने खुद जहर खाकर ‘सुसाइड’ का नाटक भी रचा। मामला बासनेर खुर्द गांव का है, जहां 28 जनवरी को खेत में साढ़े 17 साल की युवती का शव मिला था। पुलिस ने इस हत्याकांड का खुलासा करते हुए राहुल धोटे को गिरफ्तार कर लिया है। पढ़ें पूरी खबर…

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *