सागर में जनवरी माह के आखिरी दिनों में मौसम का मिजाज बदल गया है। शनिवार शाम से अचानक शुरू हुई बर्फीली हवाओं और कोहरे के कारण ठंड का असर बढ़ गया है। पिछले 24 घंटों में रात के तापमान में 3.6 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। रविवार सुबह से ही आसमान में बादल छाए हुए हैं और सर्द हवाओं के कारण लोगों को फिर से तेज ठंड का अहसास हो रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, इस समय सागर का अधिकतम तापमान 25.2 डिग्री और न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। इससे पहले बादल छाने से दिन और रात के तापमान में उछाल आया था, लेकिन शनिवार शाम से चले हवाओं के दौर और रात में छाए कोहरे ने तापमान गिरा दिया है। रविवार सुबह भी वातावरण में हल्का कोहरा देखा गया। 48 घंटे बाद बारिश की संभावना मौसम विभाग के मुताबिक, 26 जनवरी से एक और वेस्टर्न डिस्टरबेंस (पश्चिमी विक्षोभ) सक्रिय हो रहा है। यह सिस्टम काफी मजबूत (स्ट्रॉन्ग) दिखाई दे रहा है, जिससे मध्य प्रदेश में भी बारिश होने का अनुमान है। सागर जिले में 27 और 28 जनवरी को कई हिस्सों में बारिश और आंधी की संभावना जताई गई है। मावठ से तीखी होगी ठंड मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि आने वाले दिनों में होने वाली मावठ (बारिश) ठंड को और तीखा कर सकती है। बारिश के बाद दिन के तापमान में तेजी से गिरावट आएगी। इसके अलावा रात और सुबह के समय घना कोहरा छाए रहने का भी अनुमान है। पिछले 24 घंटों में मौसम के दो अलग रूप देखने को मिले हैं।


