सागर में सरिया बेचने के नाम पर व्यापारी से 1.24 करोड़ रुपए की धोखाधड़ी की गई। छिदवाड़ा की केजीएन इंटरप्राइजेज से लोहे का सरिया खरीदने के लिए व्यापारी ने ऑनलाइन पैसे ट्रांसफर किए थे। ठगी करने वाले ने 198.14 टन सरिया व्यापारी को भेजा। लेकिन शेष नहीं भेजा और न ही रुपए लौटाए। मामले में व्यापारी ने गोपालगंज थाने में शिकायत की। शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच में लिया है। पुलिस के अनुसार, फरियादी विकास तिवारी निवासी बाघराज वार्ड ने थाने में शिकायती आवेदन दिया। शिकायत में बताया कि प्रो. इमरान खान केजीएन इंटरप्राइजेज निवासी परासिया रोड ग्राम परतला छिंदवाड़ा ने मोबाइल नंबर से मेरी कंपनी को टीएमटी सरिया की मेरी विभिन्न साइटों पर आवश्यकता होने से खरीदी की बात हुई। प्रो. इमरान से 16 जुलाई को 400 टन जीके टीएमटी और 125 टन आईएसआई मार्क का टीएमटी खरीदी करने की बात तय हुई थी। 19 जुलाई को मेरी फर्म के बैंक खाते से 55 लाख रुपए ट्रांसफर किए गए। इसके बाद अलग-अलग तारीखों में अलग-अलग राशि कुल 2 करोड़ 25 लाख रुपए का ट्रांजेक्शन हमारी कंपनी के द्वारा प्रो. इमरान खान की कंपनी केजीएन इंटरप्राइजेज के बैंक खाते में ट्रांसफर किए गए। जिसके बाद इमरान खान की कंपनी ने 17 अगस्त से 10 दिसंबर तक अलग-अलग तारीखों में कुल 198.14 टन कीमती 10045755 रुपए का सरिया भेजा गया। शेष राशि 1 करोड़ 24 लाख 54 हजार 245 रुपए का टीएमटी सरिया जो करीब 327.31 टन बांकी है।
पैसे और सरिया देने से मना कर दिया
कंपनी के जनरल मैनेजर विनीत तिवारी ने प्रो. इमरान खान से कई बार माल भेजने के लिए फोन से संपर्क किया। लेकिन इमरान बार-बार झूठ बोलता रहा। आज दिनांक तक सरिया नहीं भेजा। जब इमरान से शेष राशि वापस मांगी गई तो उसने माल और पैसे दोनों देने से मना कर दिया। कानूनी कार्रवाई के लिए बोला गया तो उसने कहा कि जहां जाना है चले जाओ। उसने सरिया विक्रय करने के नाम पर 1.24 करोड़ रुपए की धोखाधड़ी की है। शिकायत पर पुलिस ने जांच कर करते हुए धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।


