डूंगरपुर जिले के सागवाड़ा विधानसभा क्षेत्र के विधायक शंकरलाल डेचा ने खाड़ी देशों में रह रहे वागड़ क्षेत्र के हजारों प्रवासियों की सुरक्षा और सहायता को लेकर सक्रियता दिखाई है। उन्होंने इस संबंध में केंद्रीय विदेश मंत्री को पत्र लिखा है और प्रदेश के गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म से भी मुलाकात की है। विधायक डेचा ने जयपुर में गृह राज्य मंत्री बेढ़म से मुलाकात के दौरान बताया कि डूंगरपुर, बांसवाड़ा और उदयपुर संभाग के 10 हजार से ज्यादा लोग वर्तमान में कुवैत, बहरीन, सऊदी अरब, कतर, ओमान, अबू धाबी, ईरान, इराक और दुबई जैसे खाड़ी देशों में कार्यरत हैं। उन्होंने मंत्री बेढ़म को खाड़ी देशों के मौजूदा हालात से अवगत कराते हुए इन प्रवासी भारतीयों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की आवश्यकता पर बल दिया। विधायक ने गृह राज्य मंत्री से प्रवासी राजस्थानियों की सुरक्षा, सहायता और किसी भी आपात स्थिति में हर संभव सहयोग सुनिश्चित करने का आग्रह किया।
इसके अलावा विधायक डेचा ने केंद्रीय विदेश मंत्री को भी पत्र लिखा है। इस पत्र में उन्होंने प्रवासी राजस्थानियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ ही, इन देशों में स्थित भारतीय दूतावासों को स्थानीय प्रवासियों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए निर्देश जारी करने की अपील की है।


