ओसियां क्षेत्र में भीकमकोर के पास बीती देर रात एक तेज स्पीड कार अनियंत्रित होकर मकान में जा घुसी। आंगन में सो रही सास-बहू समेत परिवार के 3 लोग घायल हो गए जिन्हें मथुरादास माथुर हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। घटना शनिवार देर रात करीब 11 बजे इंदों की ढाणी की है। हादसे में घायल हुई महिला के भाई ने बताया कि रात साढ़े दस बजे सब खाना खाकर घर के आंगन में सो रहे थे। तभी रात 11 बजे के करीब एक गाड़ी घर के ऊपर बने छपरे से सीधे झोंपे के अंदर घुस गई। इससे वहां सो रही लक्ष्मी (26) और उनकी सास पुष्पा, ननद कोमल घायल हो गई। जिन्हें इलाज के लिए रात को एंबुलेंस से जोधपुर के मथुरादास माथुर हॉस्पिटल में एडमिट किया गया। यहां पर लक्ष्मी (20) और उसकी सास पुष्पा (40) का इलाज किया जा रहा है। जबकि पुष्पा की बेटी कोमल (21) को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। अचानक हुए हादसे के चलते सभी लोग घबरा गए। बाद में पुलिस को सूचना दी गई। लक्ष्मी के भाई भूरा राम ने बताया कि उनके बहन का परिवार गांव में मनिहारी सामान बेचने का काम करता है। कार शनिवार देर रात 7 फीट उछलकर उनके मकान में जा घुसी। उसमें तीन लोग सवार थे। इसको लेकर पुलिस चौकी भीकमकोर में रिपोर्ट दी गई है।


