सिंगरौली के पंचखोरा रोड पर गुरुवार को एक ऐसी शादी हुई, जिसने हर किसी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। फ्रांस से आई दुल्हन शार्लोट ओलानियां ने भारतीय युवक संदीप कुमार सिंह के साथ हिंदू परंपरा के अनुसार विवाह रचाया। इस अनोखे मिलन को देखने के लिए शहरवासियों में भारी उत्सुकता देखी गई। बेल्जियम में शुरू हुई प्रेम कहानी सिंगरौली निवासी संदीप कुमार सिंह वर्तमान में बेल्जियम में नौकरी कर रहे हैं। वहीं उनकी मुलाकात फ्रांस के ओलां शहर की रहने वाली शार्लोट से हुई। दोनों के बीच बातचीत का सिलसिला शुरू हुआ और जल्द ही यह दोस्ती प्यार में बदल गई। लगभग दो साल तक एक-दूसरे को समझने के बाद दोनों ने जीवन भर साथ निभाने का फैसला किया। संदीप शुरू से ही चाहते थे कि उनका विवाह उनकी अपनी संस्कृति और परंपराओं के अनुसार हो, जिसे शार्लोट ने सहर्ष स्वीकार कर लिया। हल्दी की रस्म और हाथों में रची मेहंदी विवाह की रस्में पूरी तरह भारतीय अंदाज में निभाई गईं। समारोह की शुरुआत हल्दी की रस्म से हुई, जहां विदेशी मेहमानों ने भी जमकर आनंद लिया। दुल्हन शार्लोट के हाथों में जब पारंपरिक डिजाइन वाली मेहंदी सजी, तो उनकी खुशी देखते ही बन रही थी। शार्लोट ने बताया कि वे बचपन से ही भारत और यहां की संस्कृति के बारे में सुनती आई थीं, लेकिन यहां आकर दुल्हन बनना उनके लिए किसी सपने के सच होने जैसा है। फ्रांस से सिंगरौली पहुंचे 25 विदेशी मेहमान इस शादी की खास बात यह रही कि दुल्हन के साथ उनके परिवार और रिश्तेदारों के करीब 25 लोग फ्रांस से सिंगरौली पहुंचे। रात में पंडितों द्वारा मंत्रोच्चार के बीच अग्नि के फेरे लेकर दोनों ने शादी की रस्में पूरी कीं। विदेशी मेहमान भारतीय भोजन, संगीत और शादियों में होने वाले शोर-शराबे से काफी प्रभावित नजर आए। संदीप के अनुसार, उनके ससुराल पक्ष के लोग भारतीय परंपराओं को देखकर बहुत खुश हैं। जिले में चर्चा का विषय बनी जोड़ी सिंगरौली के लोगों ने बताया कि यह पहला मौका है जब किसी विदेशी युवती ने शहर आकर पूरी तरह हिंदू रीति-रिवाज से शादी की है। सजी-धजी विदेशी दुल्हन और भारतीय दूल्हे की यह जोड़ी अब पूरे जिले में चर्चा का विषय बनी हुई है। विवाह संपन्न होने के बाद दोनों पक्षों के रिश्तेदारों ने नए जोड़े को सुखद वैवाहिक जीवन का आशीर्वाद दिया। यह खबर भी पढ़ें.. थाईलैंड की नैन का ससुराल बना इंदौर,अब इशारों-इशारों में बात:कहा- कम्युनिकेशन की कोशिश करते हैं; जयंत बोले- पत्नी बहुत सपोर्टिव इंदौर जिले में महू के जयंत सोनी और थाईलैंड की नैन 5 दिसंबर को हिंदू रीति-रिवाज से शादी के बंधन में बंध गए। हजारों किलोमीटर दूर से थाईलैंड की नारूएपक (नैन) भारत पहुंचीं। शादी के एक हफ्ते बाद अब वापस अपने मायके थाईलैंड गई हैं। वे कुछ दिन बाद भारत लौटेंगी। पढ़ें पूरी खबर


