‘साथ रहने की जिद कर रही थी इसलिए मार डाला’:आरोपी बोला- मैंने उसे बहुत समझाया, मेरे बीबी-बच्चे हैं; अमरवाड़ा की होटल में मिला था शव

छिंदवाड़ा के अमरवाड़ा में तीन दिन पहले एक होटल के कमरे में महिला का शव मिला था। हत्या की आशंका जताई गई थी। पुलिस ने शुक्रवार को हत्यारे प्रेमी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। अमरवाड़ा टीआई राजेंद्र धुर्वे ने बताया, 7 जनवरी को अमरवाड़ा के प्रिया लॉज में खमरा राजाराम निवासी संतकुमारी इनवाती (40) का शव मिला था। उसकी नाक, मुंह से खून निकला था। गले में भी चोट जैसे निशान थे। उसका मोबाइल गायब था। इसके बाद अज्ञात के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर छानबीन की, जिसमें पता चला कि महिला एक युवक के साथ होटल में रुकी थी। पुलिस की साइबर टीम ने उसका मोबाइल ट्रेस किया तो पता चला कि वह यूपी के लखीमपुरी खीरी के बेहजम गांव के हरीश चौधरी (33) से बात करती थी। इस आधार पर पुलिस ने हरीश को बैतूल से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ की गई तो उसने पूरा मामला कबूल कर लिया। 3 साल पहले मजदूरी करने के दौरान हुई थी दोस्ती
आरोपी हरीश ने पुलिस को बताया कि करीब तीन साल पहले वह मजदूरी करने छिंदवाड़ा आया था। तभी अमरवाड़ा में वेयर हाऊस के निर्माण कार्य में मजदूरी के दौरान संतकुमारी से उसकी मुलाकात हुई। दोनों की फोन पर बात होने लगी। आरोपी संतकुमारी इनवाती को अक्सर अपने साथ खाना खिलाने के लिए प्रिया रेस्टारेंट अमरवाड़ा में लेकर जाता, वहां सभी को अपनी पत्नी बताकर रात रुकता था। इसी कारण रेस्टारेंट मालिक और वहां काम करने वाले मजदूरों से आरोपी की पहचान हो गई। वह वर्तमान में हरनाखेड़ी शुगर मिल में काम करता है। संतकुमारी ने 5 जनवरी को फोन कर बुलाया था
आरोपी ने बताया कि 5 जनवरी को संतकुमारी के कहने पर उससे मिलने अमरवाड़ा आया था। दोनों प्रिया रेस्टारेंट गए। किराए पर रूम नंबर 103 में रुके। 7 जनवरी को संत कुमारी कहने लगी कि मुझे तुम्हारे साथ रख लो, मैं तुम्हारे साथ रहूंगी, मुझे यहां नहीं रहना। आरोपी ने बताया कि मैंने संतकुमारी को बहुत समझाया कि तुम्हे अपने साथ नहीं रख सकता, मेरे बीबी-बच्चे हैं। लेकिन वह नहीं मानी। साथ रहने की जिद करने लगी। इसके बाद पहले हमारा विवाद हुआ और गुस्से में मैंने संतकुमारी का उसी के स्कार्फ से गला घोंट दिया। इससे उसकी मौत हो गई। सुबह मौका देखकर कमरे का दरवाजा बाहर से लॉक कर चाबी अपने लेकर बस से चांद चला गया। वहां से दूसरे दिन सुबह अपने घर लखीमपुर जाने के निकल गया। पुलिस ने आरोपी को आमला से गिरफ्तार किया
अमरवाड़ा पुलिस ने आरोपी हरीश चौधरी को बैतूल जिले के आमला से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने जुर्म स्वीकार किया। उसके पास से मृतका का मोबाइल और जेवरात जब्त किए गए हैं। दो बच्चों की मां है मृतका होटल संचालक ने पुलिस को बताया था कि महिला एक युवक के साथ सोमवार को होटल आई थी। दोनों एक कमरे में रुके। मंगलवार सुबह युवक अचानक रूम में ताला लगाकर कहीं चला गया। शाम तक नहीं लौटा तो उसके मोबाइल नंबर पर कॉल किया, लेकिन मोबाइल नंबर बंद था। इसके बाद दूसरी चाबी से लॉक खोला तो कमरे में महिला जमीन पर पड़ी मिली। उसके गले पर निशान थे। मृतका दो बच्चों की मां थी। उसके पति ने बताया था कि वह पिछली एक सप्ताह से कहीं चली गई थी। मंगलवार को ही मौत होने की जानकारी मिली।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *