भास्कर न्यूज | अमृतसर दिव्य ज्योति जागृति संस्थान की ओर से शिवाला बाग भाइयां के राम मंदिर में साप्ताहिक सत्संग का आयोजन किया। इस दौरान भक्तों की भावनात्मक और आध्यात्मिक उन्नति को केंद्र में रखा गया। सत्संग में साध्वी बिंदु भारती ने आध्यात्मिक शिक्षाओं के आलोक में ‘अंतर्ज्ञान और आत्मसंवाद’ विषय पर प्रवचन किए। उन्होंने कहा कि आत्मा से जुड़ना किसी बाहरी साधन से नहीं, बल्कि भीतर की गहराइयों में उतरकर ही संभव है। जब मनुष्य स्वयं से संवाद करना सीखता है, तभी वह ईश्वर की वास्तविक अनुभूति कर पाता है। साध्वी ने कहा कि आज का युग हमें बाहर की दुनिया में व्यस्त रखता है, परंतु सच्ची शांति और आनंद भीतर के मौन में छिपे हैं। सत्संग का उद्देश्य केवल सुनना नहीं, बल्कि स्वयं को जानने की दिशा में एक कदम बढ़ाना है। उन्होंने ध्यान दिलाया कि जब व्यक्ति का अंतःकरण निर्मल होता है, तभी उसमें दिव्यता उतरती है। सत्संग और साधना, आत्मा को उसी निर्मलता की ओर ले जाती हैं। इसलिए सभी को अपने भीतर झांकना और ईश्वर से जुड़ना चाहिए। इस मौके पर कई भक्तजन मौजूद रहे।


