भास्कर न्यूज | दुर्गूकोंदल ब्लॉक मुख्यालय दुर्गूकोंदल में प्रत्येक शुक्रवार को लगने वाले साप्ताहिक बाजार के दौरान उत्पन्न हो रही यातायात समस्या को लेकर जागरूक युवा मंच के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने तहसीलदार एवं थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंपकर यातायात व्यवस्था सुधार की मांग की। मंच के सदस्य मुकेश गावडे, विजय कुमार, दीपक कल्लो, अजय कुमार एवं देवेश कुमार ने बताया दुर्गूकोंदल का साप्ताहिक बाजार क्षेत्र का सबसे प्रमुख बाजार है, जहां आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग खरीदारी के लिए पहुंचते हैं। लेकिन प्रशासनिक उदासीनता के चलते बाजार के दिन मुख्य सड़कों पर भारी भीड़ और अव्यवस्थित यातायात की स्थिति बन जाती है। जागरूक युवा मंच ने बताया सड़क किनारे दुकानों के अनियंत्रित रूप से लग जाने, वाहनों की अव्यवस्थित पार्किंग और पुलिस बल की कमी के कारण आम नागरिकों, महिलाओं, बुजुर्गों एवं स्कूली बच्चों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। इस समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो बड़ा हादसा होने की संभावना है।


