मनेंद्रगढ़ | 15 वार्डों वाली नगर पंचायत नई लेदरी में स्वच्छता को लेकर प्रशासन सक्रिय है। सीएमओ अंजना वाइकिल्फ स्वयं निकाय क्षेत्रांतर्गत सभी वार्डों का भ्रमण कर सफाई व्यवस्था का जायजा ले रहीं हैं। सीएमओ ने सफाई कर्मचारियों व स्वच्छता दीदियों को सफाई में किसी भी प्रकार की कोताही नहीं बरतने को कहा है। नपा प्रशासन ने सफाई को लेकर नागरिकों से सहयोग की अपील की है। सीएमओ ने नागरिकों से खुले में कचरा नहीं फेंकने की समझाइश देते हुए सूखा और गीला कचरा अलग-अलग डस्टबिन में रखकर स्वच्छता दीदियों को देने कहा है। वहीं क्षेत्र में पड़ रही कड़ाके की ठंड को देखते हुए नगर पंचायत क्षेत्र में चिन्हांकित स्थलों पर सार्वजनिक अलाव की व्यवस्था की है। नागरिकों को मूलभूत सुविधाएं प्राथमिकता से मुहैया कराने पर नागरिकों ने शासन-प्रशासन की सराहना की है।


