रेलवे द्वारा विद्युतीकरण कार्य पूरा होने के बाद अब जोधपुर-जैसलमेर रेलवे स्टेशनों के बीच इलेक्ट्रिक इंजन से ट्रेनों के संचालन में वृद्धि की जा रही है। जोधपुर डीआरएम पंकज कुमार सिंह ने बताया- नव विद्युतीकृत जोधपुर-जैसलमेर रेलखंड पर दो जोड़ी और ट्रेनों का संचालन इलेक्ट्रिक इंजन से शुरू किया जा रहा है। इसके तहत साबरमती-जैसलमेर-साबरमती सुपरफास्ट व दिल्ली-जैसलमेर-दिल्ली रूणिचा एक्सप्रेस अब इलेक्ट्रिक इंजन से चलने लगेंगी। डीआरएम सिंह ने बताया- ट्रेन 20491/20492, साबरमती-जैसलमेर-साबरमती सुपरफास्ट, जो 4 जनवरी को साबरमती व 5 जनवरी को जैसलमेर से प्रस्थान करेगी, वह प्रारंभ से अंतिम स्टेशन तक डीजल की जगह इलेक्ट्रिक इंजन से चलने लगेगी। इसी तरह ट्रेन 14087/14088, दिल्ली-जैसलमेर-दिल्ली रूणिचा एक्सप्रेस जो 4 जनवरी को दिल्ली व 5 जनवरी को जैसलमेर से प्रस्थान करेगी, वो इलेक्ट्रिक इंजन से संचालित की जाएगी। इस रेलखंड पर ट्रेन 15014/15013, काठगोदाम-जैसलमेर-काठगोदाम रानीखेत एक्सप्रेस तथा 22931/22932, बांद्रा टर्मिनस-जैसलमेर-बांद्रा टर्मिनस सुपरफास्ट ट्रेनों का पहले से ही डीजल की जगह इलेक्ट्रिक इंजन से संचालन प्रारंभ किया जा चुका है।


