उत्तर-पश्चिम रेलवे के मदार-पालनपुर रेलखंड पर तकनीकी कार्य के कारण रेल यातायात प्रभावित रहेगा। इसके चलते शनिवार को ट्रेन संख्या 14822 साबरमती-जोधपुर एक्सप्रेस का संचालन आंशिक रूप से रद्द किया गया है। जोधपुर डीआरएम अनुराग त्रिपाठी ने बताया- रेलखंड के मावल एवं श्रीअमीरगढ़ स्टेशनों के बीच स्थित ब्रिज संख्या 812 पर स्टील गर्डर बदलने का कार्य प्रगति पर है। इस जरूरी बुनियादी ढांचा सुधार कार्य के लिए रेल प्रशासन द्वारा ट्रैफिक ब्लॉक लिया गया है। आबूरोड से जोधपुर के बीच होगा संचालन ब्लॉक के कारण शनिवार को यह ट्रेन साबरमती के स्थान पर आबूरोड स्टेशन से अपनी यात्रा शुरू करेगी। ट्रेन संख्या 14822 साबरमती-जोधपुर एक्सप्रेस शनिवार को केवल आबूरोड से जोधपुर स्टेशनों के बीच ही संचालित की जाएगी। इस दौरान साबरमती से आबूरोड के बीच ट्रेन एक ट्रिप के लिए पूरी तरह से रद्द रहेगी। रेलवे ने यात्रियों से अनुरोध किया है कि वे इस बदलाव को ध्यान में रखकर ही अपनी यात्रा की योजना बनाएं।


