भास्कर न्यूज | कवर्धा अंकिता गुप्ता छत्तीसगढ़ पुलिस में महिला आरक्षक हैं। माउंट एवरेस्ट ईस्ट व वेस्ट फतह करने वाली राज्य की पहली महिला भी हैं। बचपन से ही खेलों में रुचि रही। स्कूल और कॉलेज में राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर कई पदक जीते। वर्ष 2014 में जिला कबीरधाम में पुलिस विभाग में शामिल हुईं। विभाग में आने के बाद भी खेलों में सक्रिय रहीं। जनवरी 2022 में लेह-लद्दाख की लगभग 20 हजार फीट ऊंची चोटी पर -39 डिग्री तापमान में तिरंगा फहराया। इसके बाद सातों महाद्वीप की ऊंची चोटियों पर तिरंगा फहराने का लक्ष्य तय किया। 15 अगस्त 2022 को यूरोप की सबसे ऊंची चोटी माउंट एलब्रुस (ईस्ट और वेस्ट) पर -30 डिग्री तापमान में तिरंगा और पुलिस झंडा फहराया। माउंट एवरेस्ट (ईस्ट और वेस्ट) फतह करने वाली राज्य की पहली महिला बनीं। अब अफ्रीका की सबसे ऊंची चोटी माउंट किलिमंजारो (लगभग 20 हजार फीट) पर लगातार तीन बार तिरंगा फहराकर विश्व रिकॉर्ड बनाना चाहती हैं। उन्होंने राज्य सरकार से 7 लाख रुपए की आर्थिक सहायता मांगी थी। 2 लाख रुपए मुख्यमंत्री स्वेच्छानुदान से विजय शर्मा के सहयोग से मिले हैं। शेष 5 लाख का आश्वासन मंत्री से मिला है। सामुदायिक पुलिसिंग के तहत कबीरधाम पुलिस के फोर्स अकेडमी में ग्रामीण और वनांचल क्षेत्र के युवा-युवतियों को निशुल्क शारीरिक और लिखित परीक्षा की ट्रेनिंग दी। बताया गया कि अब तक 600 से ज्यादा युवाओं का चयन हो चुका है। वर्ष 2021 में सामुदायिक पुलिसिंग और खेल में उत्कृष्ट कार्य के लिए राज्य सरकार ने उन्हें पहले संस्करण के वीरनी पुरस्कार से सम्मानित किया। 2017 में रायपुर पिंक मैराथन में दूसरा स्थान, 11 हजार नकद और मेडल मिला। 2018 में भिलाई बीएसएफ मैराथन में पहला स्थान, 5 हजार नकद और मेडल मिला। 2012 से वुशु खेल में भी राज्य स्तर पर दर्जनों पदक जीते। 2016 में पटियाला फेडरेशन कप, 2016 में रांची सीनियर नेशनल, 2019 में जम्मू -कश्मीर नेशनल व 2025 में जयपुर नेशनल में भाग लिया।


