गढ़वा | जानकी सामूहिक विवाह फाउंडेशन गढ़वा की ओर से आयोजित किए जाने वाले सामूहिक विवाह समारोह को लेकर संस्था के पदाधिकारी लगातार क्षेत्र भ्रमण कर रहे हैं। इसी क्रम में संस्था के अध्यक्ष संजीव दुबे एवं सचिव महाकाल तिवारी द्वारा लोगों से संपर्क कर उन्हें विवाह समारोह में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया जा रहा है। शुक्रवार को संस्था के पदाधिकारियों ने रंका डीएसपी रोहित रंजन सिंह से मुलाकात कर उन्हें सामूहिक विवाह आयोजन की जानकारी दी। वहीं औपचारिक रूप से आमंत्रण पत्र सौंपा। इस दौरान बताया गया कि संस्था के तत्वावधान में 21 बेटियों का सामूहिक विवाह संपन्न कराया जाएगा। आयोजन का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग की कन्याओं का विवाह सामाजिक सहयोग से गरिमापूर्ण तरीके से कराना है। संस्था के पदाधिकारियों ने बताया कि सामूहिक विवाह को सफल बनाने के लिए विभिन्न प्रखंडों के प्रशासनिक पदाधिकारियों से भी संपर्क किया जा रहा है और उन्हें समारोह में शामिल होने का आग्रह किया जा रहा है। ताकि समाज के सभी वर्गों की सहभागिता से गरीब कन्याओं का विवाह धूमधाम से संपन्न कराया जा सके। मौके पर अजीत उपाध्याय, मुर्तजा अंसारी, आर्यन मंसूरी, रेयाज अंसारी, अजीत विश्वकर्मा, इरशाद अंसारी सहित अन्य लोग उपस्थित थे।


