फलोदी में आरोग्य भारती और वृक्ष मित्र संस्था ने संयुक्त रूप से सेऊसर तालाब की सफाई का आयोजन किया। इस विशेष अभियान में संस्थाओं के पदाधिकारी, सदस्य और स्थानीय नागरिकों ने श्रमदान किया। अभियान का मुख्य लक्ष्य तालाब परिसर को स्वच्छ बनाना और जल स्रोत के आसपास के क्षेत्र को प्रदूषण मुक्त करना था। श्रम-वीरों ने तालाब से गंदगी और पॉलिथीन को हटाकर बाहर निकाला। वृक्ष मित्र संस्था से श्याम सुंदर बोहरा, सम्पत चाण्डा, बृज मोहन बोहरा, मधुसूदन बोहरा, दिलीप व्यास, इंद्रा बोहरा, राकेश थानवी और राजेंद्र बोहरा, विष्णु व्यास सहित कई कार्यकर्ता मौजूद थे। आरोग्य भारती की ओर से जिला अध्यक्ष डॉ. गोविंदलाल शर्मा और प्रचार प्रमुख विनोद छंगाणी ने विशेष सहयोग दिया। डॉ. गोविंदलाल शर्मा ने कहा कि स्वच्छ वातावरण से रोगों पर नियंत्रण में मदद मिलती है। वृक्ष मित्र संस्था ने लोगों से तालाबों और सार्वजनिक स्थलों पर पॉलिथीन का प्रयोग न करने की अपील की। साथ ही नियमित श्रमदान की परंपरा को आगे बढ़ाने का आग्रह किया।


