कोंडागांव जिले के केशकाल ब्लॉक के मारी क्षेत्र में ग्रामीणों ने सामूहिक पहल करते हुए अपनी सड़क की मरम्मत खुद की। बेड़मा मारी, ऊपरबेदी और चुड़ावा गांवों के ग्रामीणों ने सरकार या प्रशासन का इंतजार किए बिना, हर घर से एक व्यक्ति को श्रमदान के लिए भेजा। यह अनूठी पहल इन तीनों गांवों के प्रत्येक परिवार के स्वेच्छा से की गई। ग्रामीणों की इस एकजुटता और सामाजिक चेतना ने न केवल उनके जीवनस्तर सुधारने की दिशा में कदम बढ़ाया है, बल्कि एक सभ्य और शिक्षित समाज के लिए भी प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया है। केशकाल विकासखंड का मारी क्षेत्र लंबे समय से दुर्गम, संवेदनशील और पिछड़े इलाके के रूप में जाना जाता रहा है। यहां के निवासियों ने इस सामूहिक कार्य के माध्यम से अपनी समस्याओं का समाधान खुद करने का संकल्प दिखाया। इस सामूहिक अभियान में जनपद सदस्य कोलू राम मंडावी, रावबेड़ा सरपंच सुनीता कावड़े, बेड़मा मारी पटेल लखमुराम कोरेटी, संतुराम नेताम, मनीराम गोटा, मानुराम कुमेटी, जलुम कावड़े, राजकुमार कुमेटी, शंकर कोरेटी, संजू कावड़े सहित कई अन्य लोग सक्रिय रूप से शामिल रहे। इन सभी जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने व्यक्तिगत स्वार्थ से ऊपर उठकर सामूहिक जिम्मेदारी निभाई।


