मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने शुक्रवार को राजधानी के इंडोर स्टेडियम में विशाल भाजपा कार्यकर्ता सम्मेलन में कहा कि जनता ने विधानसभा और लोकसभा चुनाव में पार्टी को समर्थन देकर देश-प्रदेश में डबल इंजन की सरकार बनाई। अब प्रदेश में ट्रिपल इंजन की सरकार बनाना है। सीएम ने कांग्रेस पर कटाक्ष किया कि धमतरी में कांग्रेस के महापौर प्रत्याशी का नामांकन रद्द हो गया। दोष हम पर मढ़ रहे हैं। इसे कहते हैं नाच न जाने आंगन टेढ़ा। कांग्रेस प्रत्याशी पहले ठीक से फॉर्म भरना तो सीख लें, उसके बाद किसी पर आरोप लगाएं। मुख्यमंत्री के इस भाषण ने कार्यकर्ताओं की खूब तालियां बटोरीं।
नगरीय निकाय चुनावी अभियान की शुरुआत करते हुए सीएम ने कहा कि कांग्रेस सरकार के समय छत्तीसगढ़ में हर तरफ भ्रष्टाचार था। शराब, कोयला, बालू, डीएमएफ, महादेव एप घोटाला ये सब कांग्रेस ने किया। छत्तीसगढ़ के युवाओं के भविष्य को ख़राब किया, पीएससी जैसी संस्था को बदनाम किया। जिससे जनता का विश्वास कांग्रेस सरकार से उठ गया था। आज पीएससी घोटाले की जांच सीबीआई कर रही है, जिसके दोषी जेल के सीखचों के अंदर है, उनकी बेल नहीं हो रही। कोयला और शराब के घोटालेबाज भी जेल के अंदर हैं।
सीएम ने कहा कि रायपुर सहित प्रत्येक नगर निगम, नगर पालिका और नगर पंचायत में कमल खिलाना है। इसके लिए आप सभी कार्यकर्ता एक-एक घर जाएं। मतदाताओं से सम्पर्क करें। हमारी सरकार की उपलब्धि बताते हुए भाजपा के पक्ष में मतदान का आग्रह करें। नगरीय निकाय के लोगों को भी उनकी जमीन का मालिकाना हक देने हेतु आश्वस्त करते हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से रायपुर शहर के चहुंमुखी और निर्बाध विकास के लिए नगर निगम महापौर प्रत्याशी मीनल चौबे और सभी 70 वार्डों के पार्षद प्रत्याशियों को भारी मतों से जिताने का आह्वान किया। कहा कि इस चुनाव में भाजपा को शुभ संकेत मिल रहा है। क्योंकि बसना नगर पंचायत में भाजपा अध्यक्ष प्रत्याशी की निर्विरोध जीत के साथ नगर निगम के 2 और नगर पंचायतों के 20 पार्षद प्रत्याशियों की निर्विरोध जीत हुई है। यह जीत निकायों की जनता के भाजपा के प्रति विश्वास को दर्शाती है। साय ने कहा कि हाल ही में उन्होंने प्रदेश का दौरा किया है। हर जिले में दो सौ से लेकर पांच-सात सौ करोड़ के विकास कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण किया है। सभी नगरीय निकायों में विकास कार्यों के लिए सात-आठ हजार करोड़ रुपए दिए हैं। रायपुर नगर निगम में लगभग एक लाख 87 हजार महिलाओं को महतारी वंदन योजना का लाभ मिल रहा है। साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू की गई स्वामित्व कार्ड वितरण योजना का लाभ ग्रामीण लोगों को मिल रहा है। गांव के लोग वर्षों से आबादी जमीन में मकान बनाकर रह रहे थे, लेकिन उनके पास घर का मालिकाना हक नहीं था। इसको दिलाने का काम हमारी डबल इंजन की सरकार ने किया है। प्रदेश के 61 हजार लोगों को एक ही दिन में स्वामित्व कार्ड का वितरण किया गया। ये भी शामिल हुए –
सम्मेलन में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव, उपमुख्यमंत्री अरुण साव, पूर्व प्रदेश संगठन महामंत्री रामप्रताप सिंह, विधायक राजेश मूणत, सुनील सोनी, पुरंदर मिश्रा, मोतीलाल साहू व अनुज शर्मा, महापौर प्रत्याशी मीनल चौबे तथा 70 वार्डों के भाजपा पार्षद प्रत्याशी शामिल हुए। सीएम ने गिनाईं 13 महीने की उपलब्धियां धमतरी में नामांकन रद्द- कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल ने चुनाव आयोग से की शिकायत
धमतरी के कांग्रेस के महापौर प्रत्याशी विजय गोलछा का नामांकन निरस्त करने की शिकायत को लेकर कांग्रेस का प्रतिनिधिमंडल प्रदेश चुनाव आयोग से मिला तथा ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में कहा गया है कि कांग्रेस प्रत्याशी का नामांकन साजिशपूर्वक तथा सत्तारूढ़ दल भाजपा के दबाव में निरस्त किया गया है। कांग्रेस के घोषित उम्मीदवार नगर निगम के ठेकेदार नहीं हैं। उन्होंने जो नगर निगम में दो वर्ष पहले काम किया था उसकी पूर्णता का सर्टिफिकेट उनके पास है। नगर निगम ने उनको चुनाव लड़ने के लिये अनापत्ति प्रमाण पत्र दिया था। जिला निर्वाचन अधिकारी ने उनका नामांकन गलत तरीके से रद्द किया है। अतः उनको चुनाव लड़ने पात्र घोषित किया जाये। धमतरी कलेक्टर भाजपा के एजेंट की भांति काम कर रहे हैं। हम निर्वाचन आयोग से मांग करते हैं कि धमतरी कलेक्टर को तत्काल हटाया जाये। धमतरी के अलावा दंतेवाड़ा, कोरबा, बिलासपुर, दुर्ग में हमारे वार्ड प्रत्याशियों का नामांकन भी सरकार ने दबावपूर्वक निरस्त किया गया। कांग्रेस पार्टी इस मामले में हाई कोर्ट में भी जा रही है। प्रतिनिधिमंडल में वरिष्ठ नेता सत्यनारायण शर्मा, धनेन्द्र साहू, डॉ. शिवकुमार डहरिया, छाया वर्मा, दीपक मिश्रा, सकलेन कामदार, विधि विभाग के देवा देवांगन शामिल थे।


