छत्तीसगढ़ के सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में पुलिस ने 300 किलो 200 ग्राम अवैध गांजा जब्त किया, जिसकी अनुमानित कीमत 48 लाख रुपये है। इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है और दो वाहन भी जब्त किए गए हैं। पुलिस अधीक्षक आंजनेय वार्ष्णेय के निर्देश पर जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत 26 दिसंबर 2025 को सरिया पुलिस को पेट्रोलिंग के दौरान एक महत्वपूर्ण सूचना मिली। पिकअप में ले जा रहा था गांजा पुलिस को जानकारी मिली थी कि ओडिशा से एक पिकअप (UP 64 CT 6904) में भारी मात्रा में गांजा लाया जा रहा है और जिसके आगे-पीछे एक कार (UP 71 BJ 9550) चल रही है। इस सूचना के आधार पर, खजूरिया तालाब, सरिया के पास घेराबंदी कर पिकअप को रोका गया। सब्जी के कैरेट के नीचे छिपा रखा था गांजा पिकअप की तलाशी लेने पर सब्जी के कैरेट के नीचे दस बोरियों में छिपाकर रखा गया कुल 300 किलो 200 ग्राम गांजा बरामद हुआ। पिकअप में सवार आरोपी राहुल कुमार राजपूत (उम्र 22 वर्ष, निवासी बमरौली, थाना हुसैनगंज, जिला फतेहपुर, उत्तर प्रदेश) को तत्काल गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी के साथियों की तलाश जारी पूछताछ में आरोपी राहुल कुमार राजपूत ने बताया कि वह अपने चार अन्य साथियों के साथ ओडिशा के बलांगीर से गांजा लेकर उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जा रहा था। पुलिस अब पायलेटिंग कर रही कार में सवार अन्य चार आरोपियों की तलाश कर रही है। थाना प्रभारी प्रमोद यादव ने बताया कि जब से सारंगढ़ बिलाईगढ़ जिला बना है तब से लेकर आज तक की यह सबसे बड़ी कार्रवाई है। जब्त गांजे और दोनों वाहनों के साथ आरोपी राहुल कुमार राजपूत के खिलाफ थाना सरिया में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।


