सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में मतदाताओं की प्रारंभिक सूची प्रकाशित कर दी गई है। विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया के बाद जिले में कुल 5,32,235 मतदाता दर्ज किए गए हैं। इस प्रक्रिया में 65,566 मतदाताओं के नाम सूची से हटाए गए हैं। मतदाता सूची पर दावा-आपत्ति 22 जनवरी तक स्वीकार किए जाएंगे। भारत निर्वाचन आयोग और मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी छत्तीसगढ़ के निर्देश पर प्रारूप मतदाता सूची के प्रकाशन के संबंध में कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में विभिन्न राजनीतिक दलों और मीडिया प्रतिनिधियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी उमेश साहू और एसडीएम वर्षा बंसल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे। दो विधानसभा क्षेत्र सारंगढ़ और बिलाईगढ़ डॉ. संजय कन्नौजे ने बताया कि, एसआईआर कार्यक्रम के तहत प्रारूप मतदाता सूची 23 दिसंबर 2025 को प्रकाशित की गई। जिले में दो विधानसभा क्षेत्र सारंगढ़ और बिलाईगढ़ आते हैं। सारंगढ़ विधानसभा में 2,52,452 मतदाता (1,26,469 पुरुष, 1,25,983 महिला) और बिलाईगढ़ विधानसभा में 2,79,783 मतदाता (1,42,127 पुरुष, 1,37,653 महिला, 3 अन्य) हैं। एसआईआर प्रक्रिया के दौरान कुल 65,566 मतदाताओं के नाम सूची से हटाए गए हैं। इनमें 18,018 मतदाताओं की मौत हो चुकी थी, 10,928 अनुपस्थित पाए गए, 29,694 स्थायी रूप से पलायन कर चुके थे, और 6,713 दोहरी प्रविष्टियां थीं। अन्य कारणों से 213 नाम हटाए गए। मतदाता सूची की बूथवार मुद्रित और डिजिटल प्रतियां सभी राजनीतिक दलों को उपलब्ध करा दी गई हैं। नागरिक 22 जनवरी तक अपनी दावा-आपत्ति दर्ज करा सकते हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि, जो युवा वोटर 1 जनवरी 2026 को या उससे पहले 18 साल के हो गए हैं या 1 अक्टूबर 2026 तक हो जाएंगे, उन्हें फॉर्म-6 में घोषणा पत्र के साथ आवेदन करने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। सभी योग्य युवा वोटरों के नाम निर्वाचक नामावली में जोड़ने के लिए पूरे राज्य में विशेष शिविर लगाए जाएंगे। दावा और आपत्ति अवधि 23 दिसम्बर से 22 जनवरी 2026 के दौरान पात्र मतदाताओं के नाम जोड़ने तथा अपात्र नाम कटाने के लिए आवेदन किया जा सकता है। मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 21 फरवरी को किया जाएगा।


