चाईबासा पुलिस और केंद्रीय सुरक्षा बलों ने संयुक्त अभियान में बड़ी सफलता हासिल की है। छोटानागरा थाना क्षेत्र के वनग्राम डिकू पोंगा और हथना बेरा के बीच जंगली पहाड़ी इलाके में सुरक्षाबलों ने नक्सलियों द्वारा लगाए गए दो आईईडी बरामद किए। बम निरोधक दस्ते की मदद से दोनों आईईडी को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। जंगल में छिपे हैं कई बड़े नक्सली खुफिया सूचना के अनुसार प्रतिबंधित नक्सली संगठन भाकपा माओवादी के शीर्ष नेता मिसिर बेसरा, अनमोल, मोछु, अनल और असीम मंडल समेत कई नक्सली नेता अपने दस्ते के साथ सारंडा और कोल्हान क्षेत्र में विध्वंसक गतिविधियों की योजना बना रहे हैं। सभ्री इसी जंगल में छिपे हुए हैं। इस खतरे को देखते हुए चाईबासा पुलिस, कोबरा 203 और 209 बटालियन, झारखंड जगुआर और सीआरपीएफ की कई बटालियनों का एक संयुक्त अभियान दल बनाया गया। यह दल छोटानागरा और जराईकेला थाना के सीमावर्ती जंगली पहाड़ी क्षेत्र में लगातार अभियान चला रहा है। सुरक्षा बलों का सर्च अभियान जारी फिलहाल आईईडी की बरामदगी के बाद वर्तमान में सर्च अभियान जारी है। सर्च कर रही टीम में चाईबासा जिला पुलिस, झारखंड जगुआर, कोबरा 209 बटालियन और सीआरपीएफ की 193 व 197 बटालियन की टीमें शामिल हैं। सुरक्षाबलों की इस कार्रवाई से नक्सलियों के मंसूबे एक बार फिर नाकाम हो गए हैं।


