देवरी सारागांव| नगर पंचायत चुनाव को लेकर सारागांव में चुनावी माहौल गरमा गया है। अध्यक्ष पद अनुसूचित जाति मुक्त वर्ग के लिए आरक्षित है। इसके लिए चार प्रत्याशी चुनावी समर में डटे हुए हैं। वहीं, नगर के 15 वार्डों में कुल 46 पार्षद पद के उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। नगर में कुल 6124 मतदाता हैं। इनमें 3047 पुरुष व 3077 महिला मतदाता शामिल हैं। नगर के वार्डों में रोचक मुकाबला देखने को मिल रहा है। वार्ड क्रमांक 1, 12, 14 और 15 में कांग्रेस और भाजपा के बीच सीधी टक्कर है। वहीं, वार्ड क्रमांक 2, 3, 5, 6, 7, 8, 9, 11 और 13 में त्रिकोणीय संघर्ष की स्थिति बनी हुई है। वार्ड क्रमांक 4 और 10 में मुकाबला चार लोगों के बीच है। नगर पंचायत चुनाव के कई वार्डों में भाजपा और कांग्रेस के बीच कांटे की टक्कर हो सकती है।


