रेलवे के द्वारा बीकानेर मंडल के चूरू-सादुलपुर रेलवे ट्रैक के बीच इन्फ्रास्ट्रक्चर मजबूत किया जा रहा है। यहां पर चूरू से दुधवाखारा स्टेशनों के बीच दोहरीकरण का कार्य किया जाएगा। इसके लिए ऑटोमैटिक सिग्नलिंग ब्लॉक लिया जा रहा है। इस वजह से रेलवे ने सालासर सुपरफास्ट ट्रेन का रूट बदला है। उत्तर पश्चिम रेलवे के डीआरएम अनुराग त्रिपाठी ने बताया कि 21 जनवरी से लेकर 24 जनवरी तक यह ट्रेन चूरू के बजाय रेवाड़ी-डेगाना होकर संचालित होगी। इसका रास्ते में सीकर के रींगस और नीमकाथाना स्टेशन पर ठहराव होगा। इसके अलावा यह ट्रेन फुलेरा और कुचामन स्टेशन पर भी ठहराव करेगी। बता दें कि यह ट्रेन दिल्ली से सुबह 7:05 पर रवाना होती है जो शाम को 5:50 पर जोधपुर पहुंच जाती है। वापसी में यह ट्रेन जोधपुर से सुबह 11:10 पर रवाना होती है जो रात 10:25 पर दिल्ली के सराय रोहिल्ला स्टेशन पर पहुंच जाती है। हरियाणा और दिल्ली से सालासर बालाजी के लिए आने वाले ज्यादातर श्रद्धालु इसी ट्रेन के जरिए आते हैं। वह ट्रेन में चूरू तक आते हैं और फिर यहां से प्राइवेट गाड़ियां या अन्य वाहनों के जरिए सालासर पहुंचते हैं। ——- रेलवे से जुड़ी यह खबर भी पढ़ें : दिल्ली जाने वाली ट्रेनों में पार्सल बुकिंग पर अस्थाई रोक:23 से 26 जनवरी तक रहेगी, गणतंत्र दिवस को लेकर ट्रेनों और स्टेशनों पर भी सुरक्षा अलर्ट नई दिल्ली में आयोजित होने वाले राष्ट्रीय गणतंत्र दिवस समारोह को देखते हुए ट्रेनों और स्टेशनों पर सुरक्षा को लेकर अलर्ट रहेगा। इसी के तहत रेलवे ने नई दिल्ली और उसके आसपास के स्टेशनों(उपनगरीय स्टेशन) पर आने वाली ट्रेनों में पार्सल बुकिंग पर अस्थायी रोक लगाई है।(पूरी खबर पढ़ें)


